संतकबीरनगर। जिले के समस्त सीएचसी और पीएचसी के इमरजेंसी कक्ष और ऑपरेशन थियेटर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कैमरा लगने के बाद मरीज के साथ लापरवाही होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ ने कार्यदायी संस्था को कैमरा लगाने के लिए सर्वे करने का निर्देश दिया है।
सीएचसी और पीएचसी से लगातार मरीजों से दुर्व्यवहार की शिकायतें मिलती रहती हैं। यहां तक कि ऑपरेशन थियेटर में महिला के प्रसव के दौरान डॉक्टर की लापरवाही भी सामने आती रही है। शिकायतें शासन तक भी की गईं। एनआरएचएम के महानिदेशक ने स्वास्थ्य केंद्रों के ऑपरेशन थियेटर और आपातकालीन कक्ष में सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्देश दिया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सीएचसी और पीएचसी के ऑपरेशन थियेटर और आपातकालीन कक्ष में कैमरा लगेगा। कैमरा लगने से इमरजेंसी मेें कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों पर निगरानी रखी जा सकेगी। इसके अलावा ऑपरेशन थियेटर में प्रसव के दौरान महिला मरीज के साथ लापरवाही तो नहीं बरती जा रही है इसका पूरा डाटा सीसीटीवी कैमरे में कैद रहेगा ताकि कोई घटना होने पर इसकी जांच की जा सके और कार्रवाई करने में आसानी हो। सीएमओ ने कार्यदायी संस्था रेन्यू को सर्वे का निर्देश दिया है और एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी है।
एनआरएचएम के तहत सभी सीएचसी और पीएचसी के इमरजेंसी कक्ष और ऑपरेशन थियेटर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए कार्यदायी संस्था रेन्यू को नामित किया गया है। एक सप्ताह में सर्वे का रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। रिपोर्ट मिलते ही आगे की कार्रवाई शुरू करा दी जाएगी।
डॉक्टर बद्री विशाल, सीएमओ