संतकबीरनगर। पुलिस लाइंस में रविवार को मानवाधिकार, समाज और पुलिस की संयुक्त जिम्मेदारी या पुलिस की जिम्मेदारी विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पक्ष-विपक्ष पर दिए भाषण में कांस्टेबल चंदन पाठक और देवानंद विजेता बने। जिन्हें पुलिस अधीक्षक पीयूष श्रीवास्तव ने पुरस्कृत किया।
प्रतियोगिता को संबोधित करते हुए एसपी पीयूष श्रीवास्तव ने कहा कि मानवाधिकार के बारे में हर पुलिस कर्मी को जानकारी होनी चाहिए। इसके साथ ही समाज के लोगों को भी मानवाधिकार कानून के बारे में जानकारी रखनी चाहिए। मानवाधिकार की जानकारी होने के बाद समाज में पीड़िताें की मदद भी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अपराधों को रोकने में पुलिस के साथ आम आदमी की भी महती भूमिका होती है। इसीलिए पुलिस मित्र के जरिए लोगों में पुलिस की अच्छी छवि पैदा करके अपराधों पर अंकुश लगाने की पहल हो रही है। वाद-विवाद प्रतियोगिता में 14 लोगों ने प्रतिभाग किया। विजयी प्रतिभागियों में चंदन पाठक और देवानंद विश्वकर्मा को एसपी पीयूष श्रीवास्तव ने नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। निर्णायक मंडल में अतिरिक्त एसडीएम रामसिंह वर्मा, सीओ लाइंस अरविंद वर्मा और वरिष्ठ पत्रकार पवन श्रीवास्तव रहे। इस अवसर पर एएसपी आदित्य कुमार, सीओ आरके शर्मा, कोतवाल बब्बन यादव, आरआई कमर मजीद सहित अन्य पुलिस कमी मौजूद रहे।