संतकबीरनगर। सीबीएसई बोर्ड की प्राब्लम साल्विंग असेसमेंट (पीएसए) परीक्षा जिले के दो केंद्रों पर शनिवार को आयोजित हुई। दोनों केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में कुल 670 परीक्षार्थियों में से 650 परीक्षार्थी शामिल हुए। 20 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।
सीबीएसई बोर्ड ने कक्षा 9 व 11 में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए पीएसए परीक्षा पहली बार आयोजित की है। खलीलाबाद के ब्लूमिंग बड्स सीनियर सेंकेंड्री स्कूल में आयोजित परीक्षा में कुल 587 छात्र-छात्राओं में से 18 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सह केंद्राध्यक्ष डीसी पांडेय व प्रयाग नारायण शुक्ल ने विशेष सहयोग किया। प्रधानाचार्य अजय भारद्वाज ने बताया कि इस परीक्षा में बच्चों के तार्किक एवं कम समय में समस्याओं के समाधान ढूंढने की क्षमता का मूल्यांकन होता है। साथ ही भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक मार्ग दर्शन एवं आत्म मूल्यांकन का अवसर मिलता है। हरिहरपुर प्रतिनिधि के अनुसार जवाहर नवोदय विद्यालय जगदीशपुर गौरा में कक्षा 9 में पंजीकृत 46 छात्रों में से 45 छात्र परीक्षा में शामिल हुए जबकि कक्षा 11 की परीक्षा में नामांकित 41 छात्रों में से 40 छात्र शामिल हुए। दो परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान प्राचार्य एसपी शाक्य, जेएस मल्ल, अरविंद त्रिपाठी, पंकज श्रीवास्तव, एमएल जायसवाल, विरेंद्र कुमार, सुनीता देवी सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।