हरिहरपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय जगदीशपुर गौरा के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी गुरुवार को शिक्षण कार्यों से विरत रहकर एक दिन हड़ताल पर रहे। इस दौरान विद्यालय का कामकाज पूरी तरह से ठप रहा।
हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को संबोधित करते हुए शिक्षक हरिराम यादव ने कहा कि यह हड़ताल वेतन विसंगतियाें को दूर करने एवं पेंशन की मांगों को लेकर किया जा रहा है। नवोदय विद्यालय समिति के गैर जिम्मेदार रवैये से कर्मचारियों में काफी निराशा का माहौल कायम है। उन्होंने 1972 के अंतर्गत सीसीएस पेंशन योजना को लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि 24 घंटे अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने के बावजूद भी हम लोगों का मानसिक शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा बेंच मार्क निर्धारित कर अनुचित दबाव बनाया जाता है। जिससे स्वाभाविक तौर पर शिक्षण कार्य प्रभावित होता है। वरिष्ठ शिक्षकों का वेतन कनिष्ठ शिक्षकों से भी कम है। इन विसंगतियों को शीघ्र ही दूर किया जाना चाहिए। इस दौरान डॉक्टर लल्लन सिंह, आशुतोष कुमार पांडेय, मांधाता सिंह सिसौदिया, शिव प्रसाद यादव, मुन्ना लाल जायसवाल, विजय नाथ पांडेय, पंकज श्रीवास्तव, परमेश्वर पांडेय, अनीता सिंह, उमारानी पांडेय, सुनीता देवी, बीके रस्तोगी, आरके प्रसाद, एसकरन वर्मा, जेएस मल्ल, जेके त्रिपाठी, रामचंद्र जायसवाल, संजय ओझा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।