संतकबीरनगर। जिले के बंद विद्यालयों को खुलवाने के लिए शिक्षक संगठनों ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। सोमवार को प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नरसिंह कुमार यादव के नेतृत्व में शिक्षक नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिला और पत्र देकर 130 बंद विद्यालयों पर शिक्षकों की तैनाती की मांग की।
जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में जिलाध्यक्ष नरसिंह कुमार यादव ने कहा है कि जिले के सामान्य चार ब्लाकों मेें शिक्षकाें की घोर कमी है। जिसके चलते 130 विद्यालय बंद हो चुके हैं। जिले बघौली ब्लाक में 30, नाथनगर में 60, खलीलाबाद में 30 और सेमरियावां में 10 विद्यालय बंद हैं। जबकि पिछड़ा वर्ग के ब्लाकों में शिक्षकों की संख्या काफी अधिक है। उन्होंने कहा है कि अगर पिछड़ा वर्ग के ब्लाकों के शिक्षकों का समायोजन सामान्य वर्ग के ब्लाकोें में कर दिया जाए तो बंद विद्यालय खुल सकते हैं। उन्होंने बच्चों के हित को ध्यान में रखते हुए इस पर आदेश जारी करने की मांग की है। इस दौरान संरक्षक गंगा प्रसाद यादव, मंत्री जयराम वर्मा, कोषाध्यक्ष रामलौट यादव, संयुक्त मंत्री जवाहर लाल गुप्त, उपाध्यक्ष एबारत अली, महेंद्र सिंह, रामनाथ यादव, मीडिया प्रभारी शिवचरन गुप्त, शोएब अख्तर, मोहम्मद आजम खां, उदय प्रताप यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।