संतकबीरनगर। बीएड सत्र 2011/12 की परीक्षा में सोमवार को एचआरपीजी कालेज केंद्र पर दो छात्राआें सहित एक छात्र को नकल सामग्री के साथ आंतरिक सचल दस्ते ने पकड़ लिया और रस्टिकेट कर दिया।
केंद्राध्यक्ष डा. अजय कुमार पांडेय ने बताया कि सोमवार को बीएड के तृतीय प्रश्न पत्र ‘भारत में शैक्षिक प्रणाली का विकास’ की परीक्षा थी। आंतरिक सचल दस्ता कमरों का निरीक्षण कर रहा था। एक कमरे में अवध सेंटर फार एजुकेशन कड़जा की छात्रा परीक्षा दे रही थी। उसी दौरान कक्ष निरीक्षक की नजर उस पर पड़ी तो देखा कि वह छात्रा अपने पास नकल सामग्री रखे हुए थी। आंतरिक सचल दस्ते को बुलाकर उस छात्रा को नकल सामग्री के साथ पकड़ा गया और बाद में रस्टिकेट कर दिया गया। इसी क्रम में शुभी देवी महिला महाविद्यालय की छात्रा की तलाशी के दौरान उसके पास से लिखित नकल सामग्री बरामद हुई उसको भी रस्टिकेट कर दिया गया। उन्होंने बताया कि अंबिका प्रताप नारायण डिग्री कालेज हरिहरपुर के एक छात्र के पास से नकल सामग्री बरामद होने पर आंतरिक सचल दस्ते ने परीक्षार्थी को रस्टिकेट कर दिया।