-ग्रामीण क्षेत्र में 614 व शहरी क्षेत्र में 340 हैंडपंप किए गए हैं चिन्हित
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शहर से लेकर गांव तक 954 इंडिया मार्का हैंडपंप खराब पड़े हैं। जिसके कारण लोगों को स्वच्छ पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है। जनता दर्शन और संपूर्ण समाधान दिवस में इसकी शिकायतें आ रही हैं। ऐसे में डीएम के निर्देश पर खराब व रीबोर लायक हैंडपंपों को चिह्नित किया गया है, जिसे गर्मी से पूर्व ठीक कराने व रीबोर कराने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने खराब और रीबोर लायक इंडिया मार्का हैंडपों को चिह्नित कराया है। जिसमें ग्रामीण क्षेत्र में खलीलाबाद ब्लॉक में 46, नाथनगर में 43, हैंसर बाजार में 118, पौली में 39, बघौली में 16, मेंहदावल में 47, सांथा में 155, बेलहरकला में 90 और सेमरियावां ब्लॉक में 60 इंडिया मार्का हैंडपंप रीबोर की स्थिति में हैं। इसके लिए डीएम ने डीपीआरओ को निर्देशित किया है कि 15वें वित्त आयोग की धनराशि से इन्हें रीबोर कराया जाए। इसके साथ ही खराब हैंडपंपों का स्टीमेट बनवाकर इसे ठीक कराया जाए।
इसी क्रम में नगर पालिका व नगर पंचायत की स्थिति यह है कि नगर पालिका परिषद खलीलाबाद में 17, नगर पंचायत मगहर में 16, नगर पंचायत बखिरा में 120, नगर पंचायत मेंहदावल में 25, नगर पंचायत बेलहरकला में नौ, नगर पंचायत बाघनगर में 48,नगर पंचायत हरिहरपुर में पांच और नगर पंचायत हैंसर बाजार धनघटा में 100 इंडिया मार्का हैंडपंप रीबोर लायक है। इसके लिए ईओ को निर्देशित किया गया है कि इन हैंडपंपों को निकाय फंड से रीबोर कराया जाए। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि गर्मी से पूर्व हैंडपंपों के रीबोर और मरम्मत कराने के लिए निर्देश दिए गए हैं, ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को स्वच्छ पानी के लिए भटकना न पड़े।