- मुखलिसपुर की फाइनेंस कंपनी के प्रबंधक की तहरीर पर कर्मचारियों पर हुई कार्रवाई
- बलिया, फर्रुखाबाद, बस्ती और सिद्धार्थनगर के हैं आरोपी, मिर्जापुर के रहने वाले प्रबंधक ने की थी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर/ महुली। थाना क्षेत्र के मुखलिसपुर में एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों द्वारा ऋण पत्रावलियों में जालसाजी करके 90 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक ने मामले में कार्रवाई के लिए एसपी से गुहार लगाई थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
महुली थाना क्षेत्र के मुखलिसपुर में प्रगति फिनसर्व प्राइवेट लिमिटेड के चार कर्मचारियों ने जालसाजी करके 90 लाख रुपये का गबन किया है। मिर्जापुर जिले के परजापतिपुर गांव निवासी व फाइनेंस कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक रघुवीर ने एसपी को तहरीर देकर इसकी शिकायत की थी। तहरीर में बताया था कि मुखलिसपुर में स्थित फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी अभय कुमार तिवारी निवासी बरियारपुर बलिया, वीरेंद्र निवासी रामनगर मुडैल जिला फर्रुखाबाद, शिवा वर्मा निवासी आम थाना पैकवलिया, बस्ती और अकरम हुसैन निवासी खुरहुरिया अकडंगा थाना शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर ने 197 उपभोक्ताओं के ऋण पत्रावलियों में जालसाजी व हेरफेर करके 90 लाख रुपये अपने सगे-संबंधियों के खाते में भिजवा दिए।
आरोपियों ने अगस्त 2025 से सितंबर 2025 के बीच इस कारनामे को अंजाम दिया। इससे कंपनी को बड़ी क्षति पहुंची है। एसपी के आदेश पर सीओ धनघटा ने पूरे प्रकरण की जांचकर रिपोर्ट एसपी को सौंपी। इसके बाद एसपी के आदेश पर महुली पुलिस ने रविवार को प्राथमिकी दर्ज की है। एसओ महुली दुर्गेश कुमार पांडेय ने बताया कि क्षेत्रीय प्रबंधक की तहरीर पर सभी चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में साक्ष्य संकलन के बाद जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।