संतकबीरनगर जिले से 87 जायरीन जाएंगे हज यात्रा पर
संतकबीरनगर। जिले से कुल 87 जायरीन हज यात्रा पर जाएंगे। स्टेट हज कमेटी लखनऊ के अनुसार, कोटे से कम आवेदन होने के कारण सभी आवेदन स्वीकार कर लिए गए हैं। आवेदकों को हज यात्रा की पहली किस्त 81,000 रुपये स्टेट बैंक ऑफ इंडिया या यूनियन बैंक में 10 मई तक जमा करने होंगे। पहली किस्त की रकम ऑनलाइन भी जमा की जा सकती है। यह जानकारी हज प्रशिक्षक मास्टर अख्तर आलम ने दी है।
उन्होंने बताया कि हज यात्रियों को 10 मई तक पहली किस्त की मूल रसीद हज आवेदन की फोटो कॉपी समेत अन्य जरूरी कागजात स्टेट हज कमेटी लखनऊ के पते पर रजिस्टर्ड डाक से या स्टेट हज कमेटी लखनऊ के कार्यालय में जाकर जमा करने होंगे। उन्होंने अपील की है कि जिनका नाम हज यात्रा के लिए आया है, वे हज यात्रा जरूर करें, क्योंकि कम तादाद होने से इस वर्ष हज यात्रा में बड़ी सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि आठ मई को जामा मस्जिद गांधी नगर बस्ती में हज यात्रियों की ट्रेनिंग होगी। ट्रेनिंग का समय सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक है। ट्रेनिंग पूर्व असिस्टेंट हज अफसर डॉ अब्दुल वहाब देंगे। इसमें किसी भी जिले के हज यात्री शिरकत कर सकते हैं।