संतकबीरनगर। जनपद के 22 उप स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को जन आरोग्य मेला लगा। मेले में कुल 1591 मरीजों ने इलाज कराया। मेले में सबसे ज्यादा चेहरे और शरीर पर दाने, बुखार, पेट में संक्रमण और खांसी से पीड़ित मरीज पहुंचे।
शिविर में मरीजों ने चिकित्सकों से इलाज कराया। इस दौरान बुखार के कुल 83 मरीज मिले और मलेरिया के 26 संदिग्धों की जांच हुई लेकिन कोई संक्रमित नहीं मिला। उप स्वास्थ्य केंद्र रोसया बाजार पर सुबह नौ बजे से जन आरोग्य मेला लगाया गया। मेले में सबसे ज्यादा शरीर में दाने, चकत्ते, बुखार, पेट में संक्रमण, खांसी की समस्या को लेकर मरीज पहुंचे।
इसके साथ ही छोटे बच्चों में बुखार और उल्टी दस्त की समस्या थी। उनके परिजन ने चिकित्सकों को दिखाकर बच्चों की दवा ली। कुछ बच्चों के ब्लड सैंपल की जांच भी कराई गई। शिविर में आए दीनबंधु, आयशा, विंदू देवी ने बताया कि गर्मी से शरीर में दाने निकल आए हैं। इसके साथ ही खांसी भी आ रही है।
चिकित्सक को दिखाया है और चार दिन की दवा दी है। शिविर में कुछ मरीजों ने आयुर्वेद पद्धति से इलाज कराया। तीन बजे तक चले मेले में कुल 49 मरीजों ने इलाज कराया। इस दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी प्रशांत कुमार, डॉ. रेनू भारती, फार्मासिस्ट अनिल कुमार मौर्य, शरद वर्मा, सौरभ यादव, विद्यासागर पांडेय, चंद्र कला आदि मौजूद रही।
इसी तरह से कांशीराम आवास नगरीय उप केंद्र पर जन आरोग्य मेला लगा। यहां पर कुल 97 मरीजों ने इलाज कराया। इस दौरान फार्मासिस्ट मनोज कुमार मिश्र, दयाराम, रवि पांडेय, धर्मेंद्र नाथ, सुदामा प्रसाद, डॉ. नागेंद्र कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।