चुनाव की पाठशाला के लिए दिया गया प्रशिक्षण
सभी बूथों पर होगा चुनाव पाठशाला का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। खलीलाबाद तहसील में शुक्रवार को चुनाव पाठशाला के आयोजन के लिए सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया गया। तहसीलदार ख़लीलाबाद की देखरेख में आयोजित इस प्रशिक्षण में चुनाव पाठशाला के आयोजन के उद्देश्य और कार्य से अवगत कराया गया।
तहसीलदार शशांक राय ने बताया कि बूथवार चुनाव पाठशाला का आयोजन होना है। इसमें सुपरवाइजर लोगों को मतदान की अहमियत समझाते हुए उन्हें 12 मई को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। हर चुनाव पाठशाला में वहां के बीएलओ भी मौजूद रहेंगे।
प्रदीप त्रिपाठी ने बताया कि इस पाठशाला में गांव के 14 वर्ष से 17 वर्ष तक के वे किशोर जो कहीं पढ़ाई नहीं कर रहे हैं उन्हें शामिल किया जाएगा। इसके अलावा महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक तथा दिव्यांगजन व अन्य विशिष्ट ग्रुप के लोग भी शामिल होंगे। इस पाठशाला में मतदाता सूची में ऑनलाइन अपना नाम देखने, मतदाता सूची में नाम बढ़ाने, ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली आदि के विषय में भी बताया जाएगा। सभी लोगों को शत प्रतिशत मतदान के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। प्रशिक्षण में खलीलाबाद तहसील के सभी सुपरवाइजर मौजूद रहे।