राजू के साथ आधी रात तक ठहाकों से गूंजता रहा मगहर
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों को करनी पड़ी मशक्कत
अफसरों व नेताओं पर चुटकी लेते ही तालियों से गूंजने लगता था परिसर
बोर्ड लगा है स्वागतम, लेकिन कोई स्वागत करने नहीं आया पर खूब लगे ठहाके
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
मगहर। कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव ने खास अंदाज व आवाज से श्रोताओं को खूब हंसाया। रात नौ से शुरू हुआ कार्यक्रम 12 बजे के बाद तक चला। कड़ाके की ठंड के बावजूद तमाम लोग राजू के मुख से निकलने वाली हर बोल को सुनने के लिए खड़े रहे।
राजू ने पहला निशाना मगहर नगर पंचायत प्रशासन व आयोजकों पर साधा और कहा कि जब वे यहां पहुंचे तो एक बोर्ड देखा जिस पर नगर पंचायत प्रशासन ने लिखा था स्वागतम्, लेकिन कोई स्वागत करने नहीं पहुंचा। इस पर खूब ठहाके गूंजे। लोगों की डिमांड पर लालू व मुलायम की आवाज निकाली तो वहीं चुनाव के दौरान एक ही गरीब महिला के घर पहुंच गए कई दलों के नेताओं की मिमिक्री पर भी लोग खूब हंसे। इससे पूर्व सीडीओ हाकिम सिंह ने पत्नी आभा सिंह व चेयरमैन संगीता वर्मा के साथ राजू को स्मृति चिह्न व अंग वस्त्र देकर स्वागत किया। राजू ने अगली कतार में बैठे अफसरों व सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों के साथ-साथ मंच पर मौजूद अपनी टीम के अन्य कलाकारों को भी निशाना बनाकर लोगों को हंसाया। बेतहाशा बढ़ते टीवी चैनलों, विज्ञापन, फिल्मी गीतों आदि पर भी व्यंग्य कसा।