संतकबीरनगर की टीम लक्ष्य से केवल तीन रन रह गई दूर
डीआईजी ने विजेता व उप विजेता टीम को दिया पुरस्कार
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में चल रही गोरखपुर जोन की अंतर जनपदीय क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच गोरखपुर की टीम ने बेहद नजदीकी मुकाबले में जीत लिया। संतकबीरनगर की टीम को उपविजेता रहकर संतोष करना पड़ा। बस्ती रेंज के डीआईजी आशुतोष कुमार ने टीम को शील्ड व खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर उत्साहित किया।
टॉस जीतकर पहले खेलते हुए गोरखपुर की टीम ने निर्धारित ओवरों में 117 रन बनाए। जवाब में उतरी संतकबीरनगर की टीम ने 114 रन बनाए जो लक्ष्य से तीन रन कम रह गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि डीआईजी बस्ती आशुतोष कुमार ने विजेता टीम गोरखपुर व उप विजेता संतकबीरनगर टीम को ट्राफी प्रदान की। सभी खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर डीआईजी ने कहा कि उम्र के हर पड़ाव पर खेलकूद का विशेष महत्व है। खेलकूद से जवान हमेशा चुस्त बने रहते हैं जिसका फायदा उन्हें ड्यूटी के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी मिलता है। एसपी आकाश तोमर ने डीआईजी को स्मृति चिह्न देने के बाद आयोजन संपन्न होने पर सभी के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर एएसपी असित श्रीवास्तव, सीओ सदर रमेश कुमार, सीओ मेंहदावल आनंद कुमार पांडेय, प्रतिसार निरीक्षक सम्पूर्णानंद , एसपी के पीआरओ मनोज कुमार त्रिपाठी सहित तमाम पुलिसकर्मी मौजूद रहे।