संतकबीरनगर। शहर में स्थिति बुद्धा नर्सिंग कालेज की छात्राओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्राओं ने कालेज प्रशासन पर आरोप लगाया कि फीस लेने के बाद भी अभी तक एडमिशन नहीं किया गया। परीक्षा फार्म भरवाने में आना-कानी की जा रही है। प्रदर्शन के बाद छात्राओं ने डीएम को संबोधित मांग पत्र प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा और जांच कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की।
शहर के बुद्धा नर्सिंग कालेज की छात्राएं अपराह्न दो बजे के करीब कलेक्ट्रेट पहुंची। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया चल रही थी, ऐसे में पुलिस कर्मियों ने उन्हें तीन बजे के बाद आने को कहा। तीन बजे छात्राएं एक बार फिर कलेक्ट्रेट पहुुंची और प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्राओं ने आरोप लगाया कि उन लोगों ने जीएनएम, डी फार्मा व एएनएम के लिए कालेज को 50 हजार से लेकर एक लाख तक फीस दे चुकीं है, लेकिन अभी तक कहीं पर भी रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ। छात्राओं ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को दिया और जांच कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की। इस दौरान कुमारी करिश्मा, शुभम कुमारी, किरन चौधरी, पुष्पांजलि सिंह, रश्मी दूबे, नेहा यादव, रजनी यादव आदि उपस्थित रहीं। इधर कालेज के प्रबंधक डीके गौतम ने बताया कि इन छात्राओं की परीक्षाओं की तिथि जल्द ही घोषित होगी। इसके बाद सभी का फार्म भरवाया जाएगा।