अमर उजाला फाउंडेशन ने पहल की तो रक्तदान करने वालों ने जज्बा दिखाया। न मौसम की मार आड़े आई और न ही जाम की चुनौतियां। संतकबीरनगर जिले के सीएचसी खलीलाबाद के ब्लड बैंक में अमर उजाला फाउंडेशन के रक्तदान शिविर में जहां सुबह से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ, वहीं शिविर पर विराम देने की नौबत तक रक्तदाता आते रहे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ब्लड बैंक की क्षमता के अनुसार रक्त संचय किया। जबकि रक्तदान से चूके लोगों का ब्लड ग्रुप और फोन नंबर दर्ज करके जरूरत पर काल करने का निर्णय लिया।
संतकबीरनगर। इस दफा का मंगलवार उन लोगों के लिए मंगलकारी दिन साबित हुआ, जिन्हें हादसे या बीमारी के कारण रक्त की जरूरत होती और खून की तलाश ब्लड बैंक में खून की कमी के जवाब के साथ थम जाती है।
जरूरत मंदों को ब्लड बैंक से निराशा जनक जवाब न मिले, इसी सोच को लेकर अमर उजाला फाउंडेशन पूर्व की तरह इस रक्तदान दिवस के मौके पर सीएचसी खलीलाबाद के ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया तो रक्तदान को अपनी जिम्मेदारी या दायित्व समझने वाले तमाम लोग आगे आए। पूर्वाह्न दस बजे से चार बजे तक चले शिविर में 74 लोगों ने रक्तदान किया।
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से सीएचसी खलीलाबाद ब्लड बैंक में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का उद्घाटन पूर्वाह्न दस बजे एसपी शैलेष कुमार पांडेय ने फीता काट कर किया। उसके बाद रजिस्ट्रेशन कराने के साथ रक्तदानियों के रक्तदान करने का सिलसिला शुरू हुआ।
चार बजे तक चले रक्तदान शिविर में कुल 154 लोगों ने जहां रजिस्ट्रेशन कराया, वहीं 74 लोगों ने रक्तदान किया। रजिस्ट्रेशन कराने वाले लोगों को जरूरत पड़ने पर ब्लड बैंक के स्वास्थ्य कर्मियों के जरिए फोन करके बुलाया जाएगा।
एसपी ने लोगों को प्रेरित किया
एसपी शैलेष कुमार पांडेय ने कहा कि आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती है और घायलों को खून की जरूरत होती है। ऐसे में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदान करने से घायलों की जान बच सकती है।
यह रक्तदान नहीं बल्कि जीवन दान है, क्योंकि रक्त के अभाव में कभी-कभी लोगों की मृत्यु हो जाती है। ऐसे में हमारा कर्तव्य बनता है कि रक्तदान करें और लोगों को जीवन को बचाने में मदद करें। प्रशिक्षण ले रहे ट्रेनी सिपाहियों का मनोबल बढ़ाया और उन्हें अपनी स्वेच्छा से रक्तदान करने की सलाह दी।
प्रभारी डीएम के पी यादव ने कहा कि खून की जरूरत पड़ने पर व्यवस्था न होने पर तमाम लोगों की जिंदगी चली जाती है। ऐसे में अमर उजाला की यह पहल काफी सराहनीय है। सीएमओ डॉक्टर एपी श्रीवास्तव ने कहा कि विश्व रक्तदान दिवस पर अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर जरूरतमदों के लिए वरदान साबित होती है।
एसडीएम गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि खून का दान करके किसी की जिंदगी बचाना पुनीत कार्य है। अमर उजाला के रक्तदान शिविर में लोगों ने जिस तरह बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया है, यही कार्यक्रम की सफलता की पहचान है।
इस दौरान डीसी मनरेगा विनय श्रीवास्तव, प्रदीप गुप्ता, अमित जैन, बनार्जी अग्रहरि, डॉ. आलोक सिन्हा, अजय वर्मा, श्रवण अग्रहरि, वीईओ नरेंद्र सिंह, राम कुमार सिंह, डॉ. एन एन श्रीवास्तव, सुनील गुप्ता, लालचंद्र चौहान, प्रवीण यादव, डॉ. वाईपी सिंह, परमहंस गौतम, आरआई खिशचडूराम, कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह, टीएसआई अजीत सिंह आदि उपस्थित रहे।
दंपति और मां-बेटे ने किया रक्तदान
अमर उजाला फाउंडेशन के रक्तदान शिविर में आए विजय शंकर सिंह व उनकी पत्नी नीलम सिंह व पुत्र अनुराग शंकर सिंह ने रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि अमर उजाला की यह पहल बहुत ही अच्छी है। खबर से प्रेरित होकर दूसरी बार रक्तदान करने आए हैं।
रक्तदान करके खुशी महसूस कर रहे हैं। इसी प्रकार रक्तदान करने पहुंची शकुंतला देवी बताया कि रक्तदान के लिए अवनीश ने प्रेरित किया। इसलिए उसके साथ पहली बार रक्तदान करने पहुंची हूं। रक्तदान से हम किसी का जीवन बचा सके तो खुशी मिलेगी।