जिला पंचायत सदस्यों ने बोर्ड की बैठक का किया बहिष्कार
विकास भवन सभागार में बैठक शुरू होते ही होने लगा हंगामा
सदस्यों ने जिला पंचायत अध्यक्ष कार्यालय पहुंचकर किया विरोध प्रदर्शन
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। जिला पंचायत बोर्ड की बैठक शनिवार को विकास भवन सभागार में होनी थी, लेकिन सदस्यों ने पहुंचने के तुरंत बाद ही एएमए के खिलाफ निंदा प्रस्ताव रखा और बैठक का बहिष्कार कर दिया। सदस्यों ने दोपहर में जिला पंचायत अध्यक्ष के कार्यालय पहुंचकर एएमए के खिलाफ प्रदर्शन किया। सदस्यों का कहना था कि अपर मुख्य अधिकारी सदस्यों को तवज्जो नहीं देते हैं।
लोकसभा चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होने से पहले सभी विभागों में योजनाओं और बैठकों का दौर तेज हो गया है। शनिवार को जिला पंचायत सदस्यों की भी बैठक विकास भवन सभागार में होनी थी। इसमें जिला योजना के लिए प्रस्तावित कार्यों पर चर्चा होनी थी। बैठक शुरू होते ही सदस्यों ने अपर मुख्य अधिकारी पर मनमानी का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सदस्यों ने अपर मुख्य अधिकारी के खिलाफ निंदा प्रस्ताव रखा। इसके बाद बैठक का बहिष्कार कर दिया। जिला पंचायत सदस्यों ने अपर मुख्य अधिकारी के तबादले की मांग शुरू कर दी। जिला पंचायत सदस्य संघ के अध्यक्ष अशोक चौधरी के नेतृत्व में विरोध जता रहे जिला पंचायत सदस्यों को जिला पंचायत अध्यक्ष नीना देवी का भी समर्थन था। बाद में सभी सदस्य जिला पंचायत अध्यक्ष के कार्यालय पहुंचे और यहां भी अपर मुख्य अधिकारी के खिलाफ प्रदर्शन किया। नाराज जिला पंचायत सदस्यों का आरोप था कि एएमए का व्यवहार जिला पंचायत सदस्यों के साथ ठीक नहीं है। वे अध्यक्ष और वरिष्ठ सदस्यों का भी उचित सम्मान नहीं करते। जब सदस्यों को सम्मान नहीं मिलता तो बैठक का कोई मतलब ही नहीं है।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष नीना देवी, जिला पंचायत सदस्य संघ के अध्यक्ष अशोक चौधरी, अरुण कुमार, ग्यासुद्दीन, जव्वार अली, संतोष चौहान, महताब आलम, मन्ने, मोहम्मद अहमद, वीरेंद्र, अवधेश, प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।