राजेश यादव का मंगलवार को खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर क्षेत्रीय लोगों ने भव्य स्वागत किया।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। मलेशिया में हुए एशियन गेम्स में नौकायन टीम के सह कोच रहे अंतरराष्ट्रीय नौकायन खिलाड़ी राजेश यादव का मंगलवार को खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर क्षेत्रीय लोगों ने भव्य स्वागत किया। धनघटा क्षेत्र के गांव कंचनपुर के रहने वाले राजेश यादव की टीम ने एक स्वर्ण व दो रजत पदक जीता है।
मलेशिया एशियन गेम्स के नौकायन में भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन से उत्साहित क्षेत्र के लोगों को जैसे ही जानकारी मिली कि नौकायन टीम के सह कोच राजेश यादव कंचनपुर आ रहे हैं तो बड़ी संख्या में लोग खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पहुंच गए।
यहां पर भाजपा के वरिष्ठ नेता विवेकानंद वर्मा व सांसद प्रतिनिधि महेंद्र दूबे के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने ट्रेन से उतरते ही राजेश यादव को फूलमालाओं से लाद दिया। वर्ष 2010 के एशियन गेम्स प्रतियोगिता में राजेश यादव दो रजत पदक जीत चुके हैं। इस बार वे एशियन गेम्स में हिस्सा ले रही नौकायन टीम में सह कोच थे। यह भारतीय टीम एक स्वर्ण व दो रजत पदक लेकर जकार्ता से लौटी है।
अपने स्वागत से अभिभूत राजेश यादव ने कहा कि यदि सरकारें नौकायन खिलाड़ियों को बेहतर माहौल और सुविधाएं उपलब्ध कराएं तो आने वाले दिनों में खिलाड़ी और अच्छा प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगे। स्वागत करने वालों में विजय बहादुर सिंह, सीएम गुप्ता, रमेश कुमार, दिनेश कुमार, ओंकार यादव, सहित तमाम लोग शामिल रहे।