शहर के एचआरपीजी कॉलेज के पास बंद पड़ीं एलईडी लाइटें।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर को रात के समय रोशन करने के लिए सड़क की दोनों पटरियों पर एलईडी लाइट लगाई गई है, लेकिन यह लाइटें इस समय जवाब दे गई हैं। स्थिति यह है कि शहर के विभिन्न स्थानों पर लगी लाइटें रात के समय नहीं जल रही हैं, जिससे इन क्षेत्रों में अंधेरा छाया रहता है। ऐसे में अंधेरे के कारण लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है तो लोगों में चोर उचक्कों का भय भी बना रहता है।
नगर पालिका प्रशासन ने शहर को अंधेरे से मुक्त करने के अभियान के तहत सड़क की दोनों पटरियों पर एलईडी लाइटें लगवाई थीं। इसे लगे अभी एक साल का भी समय नहीं बीता है, लेकिन व्यवस्था बेपटरी हो गई है। इसकी बानगी यह है कि खलीलाबाद के शुगर मिल चौक से लेकर एचआरपीजी कॉलेज तक मुख्य सड़क की दोनों पटरियों पर लगी एलईडी लाइटें खराब हो गई हैं। यह स्थान शहर के आखिरी हिस्से में है और रात के समय यहां सुनसान रहता है। ऐसे में अंधेरे के कारण लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस क्षेत्र में पालिका प्रशासन ने कई जगह बेंच भी लगवाएं हैं, लेकिन अंधेरे में वहां जाने से लोग कतराने लगे हैं। ऐसी ही स्थिति शहर के अन्य हिस्सों में है। बरदहिया बाजार के आस-पास के क्षेत्रों में एलईडी लाइटें खराब पड़ी हैं तो मुख्य बाजार में भी खराब हुई लाइटों को ठीक कराने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। इस समय बरसात का मौसम है और सड़कें भी बदहाल हो गई हैं। लाइट न जलने से वाहन चालक गड्ढे में फंस जा रहे हैं, जिससे लोगों में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
शहर के निवासी मुबीन ने कहा कि जब एलईडी लाइटें लगाई गई तो खुशी हुई थी, लेकिन अब लाइटें खराब होने से रात में अंधेरा छाया रहता है। हीरालाल त्रिपाठी ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन कर की वसूली करता है, लेकिन सुविधाओं पर ध्यान नहीं दे रहा है। संजय चौरसिया ने कहा कि खराब एलईटी लाइटों को तत्काल बदले जाने की जरूरत है ताकि लोगों को परेशानी न हो। अजीत सिंह ने कहा कि एलईडी लाइटें खराब होने से काफी दिक्कत हो रही है। चोर उचक्कों का भय बना रहता है। पालिका प्रशासन को तत्काल लाइटें बदलवाना चाहिए। नगर पालिका परिषद की ईओ बीना सिंह ने कहा कि बरसात के कारण कई स्थानों पर एलईटी लाइटें नहीं जल रही हैं, इन्हें जल्द ही बदला जाएगा। पालिका प्रशासन नागरिकों की सुविधा को लेकर पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
चौराहे पर लगे हाईमास्ट खराब
लोहरैया। विकास खंड हैंसर बाजार के लोहरैया चौराहे पर लगा हाईमास्ट नहीं जल रहा है। जिससे चौराहे पर अंधेरा छाया रहता है। लोगों ने बताया कि यह हाईमास्ट लगे पांच साल हो गया और लगने के बाद सिर्फ पंद्रह दिन जला है। लोहरैया निवासी अनिल चौधरी, रामपाल, रामसेवक पांडेय, पंडित राजा शुक्ल, घनश्याम वर्मा, धर्मेंद्र पांडेय आदि का कहना है कि हाईमास्ट ठीक कराने के लिए कई बार ब्लॉक के अधिकारियों को पत्र दिया गया है, पर कोई सुनवाई नही हुई। यदि एक सप्ताह के भीतर हाईमास्ट ठीक नही कराया गया तो हम लोग बीडीओ का घेराव करेंगे।