हैंसर (संतकबीरनगर)। मंगलवार को धनघटा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों का जमवाड़ा लगा रहा। कोई अपनी समस्या को लेकर कड़ाके की ठंड में इधर उधर भटकता रहा तो कई कंबल पाने के लिए सुबह से शाम तक तहसील में बैठे रहे, लेकिन तहसील प्रशासन तहसील परिसर में अलाव तक जलवाना मुनासिब नहीं समझा।
बभनौली गांव से कंबल के लिए आई बासदेई का कहना था कि तहसील पर कंबल मिलना था। एक अदद कंबल के लिए 10 बजे तहसील पहुंच गई, लेकिन शाम को चार बजने वाला है कंबल नहीं मिला। करमा गांव से संपति, लहुरेगांव से शांति और बकौली कला से तौकिर समेत कई वृद्घ सुबह से शाम तक कंबल का इंतजार करते रहे। बुजुर्गों का कहना था कि तहसील में कहीं अलाव जल गया होता तो उसी के पास बैठ कर समय काटते, लेकिन पूरे तहसील परिसर में टहल आए कहीं पर भी अलाव जलता हुआ नहीं दिखा। कड़ाके की ठंड चरम पर है, लेकिन धनघटा तहसील क्षेत्र में कही पर भी प्रशासन द्वारा अभी तक अलाव नहीं जलवाया गया। जबकि एसडीएम बाबूराम का कहना है कि 16 स्थानों पर अलाव जलवाया जा रहा है और निराश्रितों को कंबल भी दिया जा रहा है।