कलेक्ट्रेट में आयोजित बोर्ड परीक्षा की बैठक को संबोधित करते डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। मंगलवार से शुरू होने वाली उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को डीएम मार्कंडेय शाही की अध्यक्षता में सुपर जोनल, जोनल, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की बैठक हुई। जिसमें डीएम ने कहा अगर किसी भी केंद्र पर नकल की शिकायत मिली तो संबंधित केंद्राध्यक्ष और मजिस्ट्रेट पर केस दर्ज कराते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कहा कि नकल विहीन परीक्षा को लेकर प्रशासन पूूरी तरह से कटिबद्ध है। जिले में 103 परीक्षा केंद्र बनाए गए है, जहां 70 हजार 566 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। उन्होंने 70 स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगे हैं, जो विद्यालय पर परीक्षा के दौरान पूरे समय मौजूद रहेंगे। किसी प्रकार की समस्या आने पर नजदीक के थानों को सूचित करते हुए एसडीएम और उन्हें भी सूचना देंगे। उनकी सूचना पर फौरन कार्रवाई की जाएगी। जनपद में धारा 144 लागू कर दिया गया है। परीक्षा केंद्र के दौ सौ मीटर की परिधि में किसी को भी न रहने दिया जाए।
उन्होंने कहा कि जो विद्यालय परीक्षा केंद्र बने हैं, उनके प्रबंधक परीक्षा के दौरान परिसर में नहीं रहेंगे। सभी अधिकारियों के नंबर को सर्विलांस पर लगा दिया गया है। उनकी मॉनीटरिंग की जाएगी। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर तैनात कक्ष निरीक्षक और अन्य कर्मचारियों का परिचय पत्र चेक किया जाए। बाहरी किसी भी व्यक्ति को परिसर के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बोर्ड परीक्षा को लेकर कंट्रोल रूम बना दिया गया है। जिसका मोबाइल नंबर 9452262907 है। एसपी हेमराज मीणा ने समस्त थानाध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान कोई भी खुराफात करता है तो केस दर्ज कर उसे जेल भेजा जाए।
इसमें किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए। डीआईओएस शिव कुमार ओझा ने परीक्षा से संबंधित माध्यमिक शिक्षा परिषद से मिली जानकारी से अधिकारियों को अवगत कराया है। इस दौरान सीडीओ हाकिम सिंह, एडीएम रणविजय सिंह, एएसपी असित श्रीवास्तव, एडीएम अनिल मिश्र, एसडीएम प्रफुल्ल त्रिपाठी, एसडीएम उमेश चंद निगम, बीएसए माया सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।