त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतिम चरण का मतदान बुधवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपंन हुआ। कुल 69.12 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला।
फर्जी वोटिंग को लेकर कुछ जगहों पर दो पक्षों में विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लाठियां भांज कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
अंतिम चरण के चुनाव में हैंसर और पौली ब्लॉक क्षेत्र में पूर्वाह्न सात बजे मतदान की प्रक्रिया शुरु हुई। ठंड का असर भले ही लोग महसूस करते रहे, लेकिन उसके बावजूद बूथों पर मध्याह्न 12 बजे तक लंबी भीड़ दिखी। इस दौरान फर्जी वोटिंग को लेकर कई जगह दो पक्षों में विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई।
अतरौलिया में फर्जी वोटिंग की शिकायत पर सेक्टर मजिस्ट्रेट दीनानाथ द्विवेदी तीन घंटे तक मौजूद रह कर वोट डलवाएं। वहां एएसपी अशोक कुमार वर्मा और सीडीओ लालजी यादव भी फोर्स के साथ पहुंच गए। इसी तरह महेश्वरपुर, गाईबसंतपुर, मझौरा, कोचरी ,तेजपुर और खाजो में भी दो पक्ष आमने-सामने हो गए। खबर पर पहुंची पुलिस ने लाठी भांज कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
शनिचरा बूथ पर पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा तो डर से एक सात साल का मासूम भागा और पोल के पास तार में उतर रहे करंट की चपेट में आकर घायल हो गया। जिसे पुलिस की गाड़ी से पहले सीएचसी मलौली और बाद में रेफर होने पर जिला अस्पताल भेजवाया गया। गौरापार में भी दो पक्षों मारपीट हुई।
पूर्वाहन नौ बजे तक हैंसर ब्लॉक क्षेत्र में 11.66 प्रतिशत और पौली ब्लॉक क्षेत्र में 13 .57 प्रतिशत और दोनों ब्लॉक में कुल 12 .61 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसी तरह 11 बजे हैंसर में 31 .22 प्रतिशत, पौली में 32 .71 प्रतिशत और दोनों ब्लॉक में कुल 31 .96 प्रतिशत मतदान हुआ।
जबकि एक बजे हैंसर में 49 .05 प्रतिशत, पौली में 47 प्रतिशत और दोनों ब्लॉक में कुल 48.02 प्रतिशत मतदान हुआ। इसी तरह तीन बजे हैंसर में 60.55 प्रतिशत, पौली में 63.07 प्रतिशत और दोनों जगह कुल 61.81 प्रतिशत वोटिंग हुई।
जबकि साढ़े चार बजे आखिरी मतदान हैंसर ब्लॉक क्षेत्र में 67 .02 प्रतिशत और पौली में 71.23 प्रतिशत मतदान हुआ। जिले के दोनों ब्लॉकों में कुल 69 .12 प्रतिशत मतदान हुआ। डीएम डॉक्टर सरोज कुमार ने बताया कि जहां कहीं विवाद होने की संभावना जताते हुए लोगों ने सूचनाएं दी, वहां तत्काल प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
जिसकी वजह से जिले में शांतिपूर्ण माहौल में 69. 12 प्रतिशत मतदान हुआ। मतपेटिका सुरक्षित ब्लॉक क्षेत्र के निर्धारित मतगणना केंद्र पर बने स्ट्रांग रुम में रखवा दिया गया है।