मगहर (संतकबीरनगर)। नवरात्र आने से पूर्व लोगों ने तेजी के साथ तैयारियां शुरू कर दी है। जिसके क्रम में दुर्गा प्रतिमाओं को मूर्तिकारों द्वारा सजाने व संवारने के कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कोलकाता के मूर्ति कलाकार प्रत्येक वर्ष नगर में आकर मूर्ति बनाकर बेंचते है।
नगर के काजीपुर चौराहे के निकट सोसाइटी के पीछे मूर्तिकार प्रत्येक वर्ष नवरात्र से लगभग तीन महीने पूर्व आकर निर्माण करना शुरू कर देते हैं। मूर्तियों के निर्माण में धान का पुआल, मिट्टी, कृत्रिम रंगों का इस्तेमाल करते हैं। मूर्तिकारों ने इस वर्ष भी लगभग 60 छोटी व बड़ी मूर्ति का निर्माण किया है। जिसे अंतिम रूप देने में दिन रात जुटे है। यहां की बनी दुर्गा प्रतिमाएं गोरखपुर, सहजनवां, भीटी रावत, खलीलाबाद के अलाव आस पास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी दुर्गा पूजा समितियां ले जाती हैं। 10 अक्तूबर से नवरात्र प्रारम्भ हो रहा है। उससे पहले सभी दुर्गा पूजा समितियां पांडालों की तैयारी में जुटी है।