उमस भरी गर्मी में बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। लोकल फॉल्ट के कारण घंटों बिजली कटौती होने के कारण लोग गर्मी में पसीना से तरबतर हो रहे हैं। पूरे दिन कुछ अंतराल पर कटौती हो रही है इससे लोग गर्मी में बेदम हो रहे हैं।
अधिकारियों को फोन करने पर सही जानकारी नहीं दी जा रही है। कभी कहते कि तार टूट गया है या फिर ओवरलोडिंग हो गई है। बिजली कटौती ने लोगों के दिन का चैन और रातों की नींद गायब कर दी है।
सहारा स्टेट में रात 10 बजे अचानक बत्ती गुल हो गई। बताया गया कि खोराबार एरिया में जंपर टूट कर गिर गया। पूरी रात बिजली गुल रही। सुबह में तारामंडल, दुर्गा मंदिर, महुई सुघरपुर, फुलवरिया, साकेतनगर, आजादनगर, शक्तिनगर, बुद्ध विहार के साथ कूड़ाघाट में कुछ-कुछ देर में आती-जाती रही। इसके अलावा पादरी बाजार के मानस बिहार कॉलोनी में जंपर में फाल्ट आ गया। फाल्ट ढूंढने में सुबह छह बजे से नौ बजे तक का समय लग गया। चुनाव में जिले को बेहतर बिजली आपूर्ति देने का सपना दिखाया गया था, लेकिन चुनाव खत्म होते ही यह सपना पूरी तरह से चकनाचूर होता नजर आ रहा है।
छुट्टी का मजा हुआ फीका
छह बजे भोर में अचानक बिजली गुल होने से छुट्टी का मजा फीका हो गया। महिलाएं कपड़े धोने को जब बाथरूम में गईं तो टंकी का पानी खत्म हो चुका था। उनके किचन का काम भी पूरा नहीं हो सका।
फेल हुआ नाइट गैंग
गर्मी में बिजली गुल होने पर चार उपकेंद्रों पर नाइट गैंग का गठन किया गया है, लेकिन इस टीम की लेटलतीफी की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जबकि टीम को एक गाड़ी और अन्य उपकरण भी मुहैया कराए गए हैं फिर भी शहर की बिजली को दुरुस्त नहीं कर पा रहे हैं।
दो दशक पुराने बिजली तार, क्यों न हो फॉल्ट
रुस्तमपुर और रानीबाग फीडर से जुड़े इलाकों में फॉल्ट की अहम वजह दो दशक पुराने बिजली के तार हैं। गर्मी में ये तार ब्रेक हो जा रहे हैं। विभाग इसे बदलने का दावा तो करता है, मगर अब तक इसे पूरा नहीं कर सका है। इससे इलाके लोगों में गुस्सा है।
गर्मी में ओवरलोड की वजह से ट्रिपिंग हो रही है। कई ट्रांसफार्मरों पर लोड अपेक्षा से काफी ज्यादा है। इसी वजह से फाल्ट हो रहा है। लोड बढ़ाने की कवायद चल रही है, जल्द ही इसे दूर कर लेंगे।
प्रद्युम्न सिंह, एसडीओ
नोट:आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।