मदरसा बोर्ड परीक्षा की जांच करते सचलदल के अधिकारी।स्रोत-सोशल मीडिया
पडरौना। कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार को मदरसा बोर्ड की परीक्षा शुरू हो गई। अल्पसंख्यक विभाग ने परीक्षा की सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली थी। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए सात सेक्टर मजिस्ट्रेट और पांच सचल दल बनाए गए थे। परीक्षा के पहले दिन पंजीकृत 3005 परीक्षार्थियों में से 2391 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 614 ने परीक्षा छोड़ दी।
मदरसा बोर्ड 2026 की परीक्षा में इस बार 3005 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे। सोमवार को प्रथम पाली में मुंशी सेकेंड्री पर्सियन में थेयोलोजी व मौलवी सेकेंड्री अरबी में थेयोलोजी और दूसरी पाली में आलीम सीनियर सेकेंड्री पर्सियन एवं अरबी में थेयोलोजी का पेपर था। प्रथम पाली की परीक्षा में 2503 पंजीकृत थे। इसमें 568 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी, जबकि 1935 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
दूसरी पाली की परीक्षा में पंजीकृत 502 परीक्षार्थियों में से 46 परीक्षार्थी परीक्षा छोड़ दिए, जबकि 456 परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए हर परीक्षा केंद्र पर एक-एक पर्यवेक्षक और एक-एक सह केंद्र व्यवस्थापक की ड्यूटी लगाई जाएगी। अल्पसंख्यक कार्यालय से ऑनलाइन परीक्षा की निगरानी की गई साथ ही नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए तैनात सेक्टर और सचल दल की टीम परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों का निरंतर भ्रमण करनी रही। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी भरत लाल गोंड़ ने बताया कि सोमवार को जिले के सभी 11 परीक्षा केंद्रों पर मदरसा बोर्ड की परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुई है। परीक्षा के पहले दिन किसी भी परीक्षा केंद्र पर नकल करते हुए कोई परीक्षार्थी नहीं पकड़ा गया है।