रास्ते के विवाद में मारपीट, छह घायल
दो घायलों की स्थिति गंभीर, जिला चिकित्सालय रेफर
मेंहदावल थाना क्षेत्र के जमुरिया कला की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। क्षेत्र के एक गांव में रास्ते को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। जमकर मारपीट हुई। इसमें एक पक्ष के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनको परिजन सीएचसी लेकर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। दो घायलों की स्थिति गंभीर देखकर चिकित्सकों ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
मेंहदावल थाना क्षेत्र के जमुरिया कला में रामकेवल और चंद्रभूषण के बीच रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार की सुबह दोनों पक्षों के बीच रास्ते को लेकर कहासुनी शुरू हुई जो देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गई। मारपीट में रामकेवल पक्ष की 55 वर्षीय इंद्रावती, 25 वर्षीय शत्रुघ्न, 18 वर्षीय गणेश, 20 वर्षीय सरोज, 18 वर्षीय अजय, 22 वर्षीय सोनमती गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें इंद्रावती व शत्रुघ्न की स्थिति गंभीर देखकर चिकित्सकों ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इस पर पुलिस शत्रुघ्न की तहरीर पर चंद्रभूषण, रामभजन समेत पांच लोगों पर मारपीट का केस दर्ज कर घटना की जांच कर रही है। एसओ अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि मामले में पांच लोगों पर मारपीट का केस दर्ज किया गया है। दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।
घराती-बराती भिड़े, मामला पहुंचा थाने
धनघटा। महुली थाना क्षेत्र के तरयापार गांव में मंगलवार की देर शाम मामूली बात को लेकर घराती व बराती पक्ष में हाथापाई हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। बुधवार को दोनों पक्ष थाने पहुंच गए। जहां समझौता करने की बात चल रही है। गोरखपुर जिले से मंगलवार की देर शाम एक बरात महुली क्षेत्र के तरयापार गांव आई थी। जलपान के बाद बराती द्वारपूजा के लिए लड़की के घर जा रहे थे। इसी दौरान गांव के एक युवक से बरात में शामिल कुछ युवकों से किसी बात को लेकर तकरार होने लगी। दोनों पक्षों में हाथापाई होने लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। बुधवार को दोनों पक्षों के लोग थाने पहुंच गए। दोनों पक्षों ने समझौता करने की बातचीत शुरू कर दी है। एसओ प्रदीप सिंह ने कहा कि तहरीर नहीं मिली है। दोनों पक्ष आपस में बातचीत कर रहे हैं।