संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा से पहले जिले में प्री-बोर्ड परीक्षा कराई जाएगी। जनवरी के दूसरे सप्ताह में होने वाली परीक्षा के लिए स्कूलों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। परीक्षाएं बोर्ड के मूल प्रश्नपत्रों के अनुरूप कराई जाएंगी। 2025 में उपयोग में नहीं लाए गए अतिरिक्त (रिजर्व) प्रश्नपत्रों का प्रयोग होगा।
जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 54 हजार 240 परीक्षार्थी इस प्री-बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। परिषद के शेड्यूल में लिखित प्री-बोर्ड परीक्षाएं जनवरी 2026 के दूसरे सप्ताह में आयोजित की जाएंगी। सभी विद्यालयों को समय से परीक्षा आयोजन की तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा का प्रश्नपत्र पैटर्न, अंक विभाजन और समय-सीमा पूरी तरह यूपी बोर्ड की मुख्य परीक्षा के अनुरूप होगी। इससे विद्यार्थियों को परीक्षा के दबाव, समय प्रबंधन व प्रश्नों की प्रकृति को समझने में मदद मिलेगी। साथ ही इस पूरी परीक्षा को भी सीसीटीवी की निगरानी में कराया जाएगा। लापरवाही बरतने पर विद्यालय के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा 11 से 21 जनवरी के बीच आयोजित की जाएगी। परिषद की तरफ से इसे समय से पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया है। डीआईओएस कार्यालय में इसका पत्र भी आ चुका है।
परिषद ने प्री-बोर्ड परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। सभी विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया है कि परीक्षा आयोजन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए ताकि प्री-बोर्ड परीक्षा अपने उद्देश्य को पूरा कर सके। परीक्षा सीसी कैमरे की निगरानी में आयोजित कराई जाएगी। 2025 के रिजर्व प्रश्नपत्रों को जीआईसी से दिलाया जाएगा। -हरिशचंद नाथ, डीआईओएस