आग से पांच बीघा फसल जली, महिला झुलसी
- महुली थाना क्षेत्र के भिटकिनी-खजुरिया सीवान में लगी आग
अमर उजाला ब्यूरो
धनघटा। महुली थाना क्षेत्र के भिटकिनी-खजुरिया सीवान में रविवार की दोपहर में तेज हवा के झोंके के बीच अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग से गन्ना व गेहूं की पांच बीघा फसल जलकर नष्ट हो गई। आग विकराल रूप धारण कर तेजी से आबादी क्षेत्र में बढ़ती देख लोग घरों का सामान बाहर निकलने लगे। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी मुखलिसपुर के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पंपिंग सेट सहित अन्य संसाधनों से घंटो के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाते समय एक महिला मामूली रूप से झुलस गई। गई।
रविवार को कड़ी धूप और तेज हवा के बीच भिटकिनी-खजुरिया सीवान में अज्ञात कारणों से पहले तो गेहूं की डंठल में आग लग गई। बहुत ऊंचाई तक उड़ते धुंआ एवं लपट देख दर्जनों गांवों के ग्रामीण जुट गए। आग तेजी से बढ़ते हुई खजुरिया निवासी पूर्व प्रधान रमेश यादव के खेत में पहुंची। जहां उनका दो बीघा गन्ना की फसल को चपेट में लेते हुए भिटकिनी निवासी हरीलाल, विजय निषाद, पूर्व प्रधान रामानंद यादव की गेहूं की खड़ी फसल को नष्ट करती हुई पूरब आबादी क्षेत्र की तरफ बढ़ने लगी। आग को देखकर लोग घरों से सामान बाहर निकालने लगे। पहले तो ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन उठ रही लपटो के कारण उन्हें पीछे हटना पड़ा। इस दौरान यशोदा देवी मामूली रूप से झुलस गईं। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी नसीबुद्दीन ने ग्रामीणों हौसला बढ़ाते हुए खेतों में लगे पंपिंगसेट के अलावा अन्य संसाधनों के सहारे घंटों मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित करने में सफलता प्राप्त किया। दमकल वाहन के जवानों ने पानी की बौछार मारकर सुलग रही आग को शांत किया।