गोपाल मौर्या को हाईस्कूल की प्रदेश की टॉप टेन सूची में सातवां स्थान मिला है
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड के 10वीं और 12वीं के नतीजे शनिवार के दोपहर में जारी हुए। इस परीक्षा में शामिल हुए कुल 50643 परीक्षार्थियों में से को 37341 बच्चे उत्तीर्ण हुए हैं। हाईस्कूल में मेंहदावल क्षेत्र के पार्वती इंटर कॉलेज सोनौरा के छात्र गोपाल मौर्या ने 94.83 प्रतिशत अंक लाकर प्रदेश में सातवां स्थान हासिल किया है। इंटर में एचआर इंटर कॉलेज खलीलाबाद के मनीष शर्मा ने 86 प्रतिशत अंक के साथ जिले में टॉप किया है। रिजल्ट आते ही मेधावियों के घरों में जश्न शुरू हो गए। कई जगह स्कूलों में भी मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया गया।
जिले में यूपी बोर्ड से संबंद्घ 178 कॉलेज हैं। बोर्ड परीक्षा के लिए हाईस्कूल में कुल 32027 छात्र-छात्राओं का पंजीकरण था, जिसमें से 17039 बालक और 14988 बालिकाएं थीं। इनमें से 27417 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा में शामिल इन 27417 में से 14142 बालक और 13275 बालिकाएं थीं। शनिवार को जारी हुए परीक्षा परिणाम में जिले के 21795 परीक्षार्थी (79.49 प्रतिशत) उतीर्ण घोषित किए गए हैं। इसमें 10841 बालक व 10954 बालिकाएं हैं। जिले में 76.66 प्रतिशत बालक और 82.25 बालिकाएं उत्तीर्ण हुई हैं। हाईस्कूल में पार्वती इंटर कॉलेज मेंहदावल के छात्र गोपाल मौर्या ने 94.83 प्रतिशत के साथ प्रथम स्थान हासिल किया है। गोपाल प्रदेश की टॉप टेन सूची में सातवें स्थान पर हैं।
इस तरह इंटरमीडिएट में कुल 26742 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे जिनमें से 14443 बालक व 12309 बालिकाएं थीं। इनमें से कुल 23226 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए जिनमें से 12186 बालक व 11040 बालिकाएं थीं। जिले में 15546 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा उत्तीर्ण की है जिसमें से 7142 बालक व 8404 बालिकाएं हैं। कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 66.93 है जिनमें से 58.61 प्रतिशत बालक व 76.12 प्रतिशत बालिकाएं हैं। इंटर में एचआर इंटर कॉलेज के मनीष शर्मा ने 86 प्रतिशत अंक के साथ जिले में पहला स्थान हासिल किया है।
डीएम रवीश गुप्ता और डीआईओएस शिवकुमार ओझा ने मेधावी बच्चों को उत्साह बढ़ाया है तथा किसी कारणवश अच्छा परिणाम देने से बच रहे गए अन्य परिक्षार्थियों को कठिन परिश्रम व लगन से पढ़ाई का संदेश दिया है। बच्चों का परीक्षा परिणाम घोषित होते ही लोगों ने मिठाई बांटी तो वहीं टॉपरों के घर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।