संतकबीरनगर। क्षेत्र के टेमी- मुंडेरवा मार्ग पर टेमी चौराहे के पास मंगलवार को एक प्राइवेट स्कूल बस और ट्रेलर के बीच टक्कर हो गई। उसके बाद ट्रेलर गन्ने के खेत में चला गया। हादसे में बस में सवार चार- पांच बच्चे मामूली रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आस-पास के लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में सूचना पर घायल छात्रों के अभिभावक भी मौके पर पहुंच गए और अपने- अपने पाल्यों को घर उठा ले गए। बाद में स्कूल प्रबंधन से जुड़े लोग भी पहुंच गए। घटना की वजह घना कोहरा और ट्रेलर के चालक की लापरवाही की चर्चा लोग कर रहे थे।
कांटे प्रतिनिधि के अनुसार बस्ती जनपद के मुंडेरवा में संचालित सपना एकेडमी की बस मंगलवार को संतकबीरनगर जिले में टेमा की ओर बच्चों को लेने जा रही थी। टेमी गांव के सीवान के पास हाईवे से करीब 200 मीटर दक्षिण टेमी- मुुंडेरवा मार्ग पर जैसे ही बस पहुंची, वैसे ही सामने से गुजरी एक ट्रेलर से टक्कर हो गई, जिससे बस में सवार पांच बच्चे मामूली रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर आस- पास के लोगों की भीड़ जुट गई। मामूली रूप से घायल हुए बच्चों में कक्षा पांचवी के छात्र 12 वर्षीय आदित्य यादव पुत्र अनिरुद्ध कुमार, कक्षा एक के छात्र पांच वर्षीय शुभम पुत्र ध्रुपचंद निवासी टेमा रहमत समेत पांच बच्चे शामिल बताए गए। पिपरा कला निवासी अभिभावक रामगोपल ने बताया कि कोहरे की वजह से स्कूल बस और ट्रेलर आपस में टकरा गई । संयोग अच्छा था कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। सपना नेशनल एकेडमी के प्रबंधक धर्मेंद्र चौधरी ने बताया कि उनके विद्यालय की बस टेमी और कुर्थिया से रोज की भांति बच्चों को लेकर स्कूल लौट रही थी। बस में करीब 20 बच्चे सवार थे। टेमी चौराहे पर जैसे ही बस पहुुंची,वैसे ही कोहरे की वजह से सामने से गुजरी ट्रेलर ने टक्कर मार दिया। भगवान का शुक्र है कि बच्चे सुरक्षित रहे,लेकिन ट्रेलर सिंचाई किए गए गन्ने के खेत में कुछ दूरी तक चली गई।