बखिरा (संतकबीरनगर)। क्षेत्र के समदा गांव की रहने वाली छात्रा अर्चना की हत्या में शामिल आरोपी प्रेमी समेत तीन लोगों को सोमवार को पुलिस ने जेल भेज दिया। हत्या की वजह आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में यही बताया कि शादी की जिद करने पर ही छात्रा की हत्या कर शव को सीवान में फेंक दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने छुपाकर रखे गए छात्रा के कपड़े को भी बरामद किया।
एसओ रामसमुझ प्रभाकर ने बताया कि 15 नवबंर को समदा निवासी बीए प्रथम वर्ष की छात्रा वंदना उर्फ अर्चना (20 वर्ष) को उसके पड़ोस में रहने वाले प्रेमी पंकज ने अपने पिता रामकिशोर व मां फूलमती के सहयोग से अपने ही घर में पहले गला दबाया और फिर जलाकर मार डाला। बाद में साक्ष्य छिपाने के लिए आरोपियों ने घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर पश्चिम स्थित सीवान में एक अरहर के खेत के बगल में निर्वस्त्र अवस्था में छात्रा का शव रख दिया था। अभियुक्तों ने छात्रा का कपड़ा गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक नाले के पास छिपाकर रख दिया था। छात्रा के कपड़े को घटना में शामिल पकड़े गए अभियुक्तों की निशानदेही पर नाले के पास से बरामद कर लिया गया। आगे बताया कि आरोपी पंकज ने पूछताछ में बताया कि उसका अर्चना से काफी समय से प्रेम संबंध था। इधर उसकी शादी कहीं और तय हो गई तो प्रेमिका अर्चना ने एतराज जताया। घटना की रात अर्चना ने उसके घर पहुंच कर शादी करने की जिद की तो वारदात को अंजाम देना पड़ा। आगे बताया कि हत्या कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश के मामले में आरोपी प्रेमी पंकज ,उसके पिता रामकिशोर और मां फूलमती को सोमवार को जेल भेज दिया गया।