संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के गोला बाजार स्थित जूते की दुकान में चोरी की वारदात हुई। दुकान के काउंटर का ताला तोड़कर चोर 50 हजार रुपये नकद व डीवीआर उठा ले गये। सुबह के समय दुकान खोलने के बाद घटना की जानकारी दुकानदार को हुई। वारदात की सूचना पुलिस को दी। चोरी की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल में जुट गई।
पुलिस को दिए अपने शिकायत पत्र में शास्त्रीनगर सरदार कालोनी निवासी राजेंद्रपाल सिंह ने बताया कि उनकी गोला बाजार में जूते-चप्पल की दुकान है। 7 नवंबर को सुबह 10 बजे जब वह दुकान पर पहुंचे तो दुकान के गल्ले का ताला टूटा हुआ था। उसमें रखा हुआ लगभग 50 हजार रुपये और डीवीआर चोर उठा ले गए थे। ऐसी अनहोनी घटना के बाद से ही वह सदमे में हैं। कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि चोरी की वारदात की जानकारी हुई है। पुलिस टीम मामले की जांच पड़ताल कर रही है।