संतकबीरनगर। डीआईजी जेल यादवेंद्र शुक्ला ने गुरूवार को निर्माणाधीन जिला कारागार का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय में कार्य हर हाल में पूरा करा लिया जाए।
निरीक्षण के बाद उन्होंने निर्माण की समीक्षा की। इस दौरान बताया गया कि जेल निर्माण का 45 फीसदी कार्य पूरा हो गया है। रेट रिवाइज के लिए शासन को भेजा गया है, उसकी स्वीकृति मिलने के बाद कार्य तेेजी से कराया जाएगा। इस दौरान टाइप दो, टाइप तीन और टाइप चार के भवनों का निर्माण कार्य अंतिम दौर में है। प्लास्टर का कार्य मोरंग न मिलने के कारण नहीं हो पा रहा है। जेई आशुतोष मिश्र ने समीक्षा के दौरान बताया कि शुरू में 85 करोड़ 75 लाख 65 हजार की स्वीकृति मिली थी, लेकिन अब निर्माण कार्य पर 137 करोड़ 76 लाख 66 हजार रूपये खर्च होगा। ऐसे में रेट रिवाइज के लिए शासन को भेजा गया है। डीआईजी जेल ने इस संबंध में अब तक की प्रगति पूछी तो बताया गया कि शासन स्तर पर पत्राचार किया गया है। डीआईजी ने जो कार्य शुरू नहीं हुए, उस संबंध में जानकारी ली तो बताया गया कि सीवर लाइन, सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य अभी शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जेल निर्माण कार्य पूरा होने के बाद बस्ती जेल पर भार कम होगा। इस दौरान जेई आशुतोष मिश्र, विशाल राय, सौरभ भारद्वाज सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।