बखिरा/बेलहर (संतकबीरनगर)। बखिरा थाना क्षेत्र के गांव में एक किशोरी को मोबाइल टावर के पास बने कमरे में ‘कैद’ कर अश्लील हरकत करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर छेड़खानी और पाक्सो एक्ट में केस दर्ज कर किशोरी को डाक्टरी जांच के लिए भेजा।
गत मंगलवार को किसी ने पुलिस को सूचना दी, कि क्षेत्र के गांव में बने प्राइवेट मोबाइल टॉवर के कमरे में यहां तैनात आपरेटर ने एक 15 वर्षीय किशोरी को कैद कर रखा है। आशंका है कि वह उसके साथ कई दिन से गलत हरकत का शिकार हो रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब कमरे का दरवाजा खुलवाया तो अंदर किशोरी डरी-सहमी मिली। पुलिस किशोरी व आपरेटर को अपने साथ ले गई। बताया जाता है कि किशोरी पड़ोसी गांव की रहने वाली है। उसके परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। इसी का फायदा उठाकर आपरेटर उसे आसानी से बहला-फुसला सका। जब पुलिस किशोरी को टॉवर के कमरे से आरोपी युवक के साथ बाहर ला रही थी तब वहां भीड़ लग गई। एसओ बखिरा रामसमुझ प्रभाकर ने बताया कि आरोपी युवक पर छेड़खानी और पाक्सो एक्ट का केस दर्ज किया गया है। इसके साथ ही किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है।