संतकबीरनगर। शासन के आकस्मिक छापे डालने के निर्देश पर मंगलवार को बीज प्रतिष्ठानों की जांच के लिए कृषि विभाग एवं मजिस्ट्रेट की तीन संयुक्त टीमों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई की। इस दौरान 35 दुकानों की जांच की गई और चार दुकानदारों को नोटिस दिया गया। साथ ही गेहूं, सरसों, मेथी, पालक आदि फसलों के 28 नमूने लिए गए।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव ने बताया कि तहसील धनघटा में 14 दुकानों का निरीक्षण किया गया, जिसमें से गेहूं, सरसों, मेथी, मटर, जौ, बरसीम आदि के बीजों के 17 नमूने ग्रहण किए गए। इस दौरान चार दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। अभिलेख न दिखा पाने के कारण डीसीएफ महुली एवं तीन को दुकान बंद कर भागने के कारण नोटिस दिए गए। इसमें महुली में मौर्य बीज भंडार, हरियाली एग्री केयर, कृषि बीज भंडार महुली शामिल हैं।
तहसील खलीलाबाद में पांच दुकानों का निरीक्षण कर तीन बीजों के नमूने ग्रहण किए गए। तहसील मेंहदावल में 15 दुकानों का निरीक्षण करते हुए आठ नमूने ग्रहण किए गए। उन्होंने बताया कि महुली कस्बे में मुख्य प्रतिष्ठान जिनके यहां छापा डाला गया, उनमें सूर्यांश खाद एवं बीज भंडार, आलम बीज भंडार, मौर्य बीज भंडार, पंतनगर कृषि सेवा केंद्र, न्यू नेशनल सीड स्टोर, किसान बीज भंडार, कृषि बीज भंडार, हरियाली एग्री सेंटर, सिंह ट्रेडर्स, अमित बीज भंडार, संदीप बीज भंडार आदि शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि पायनियर, श्रीराम, एसआर सीड्स, कावेरी, विनर सीड्स, महालक्ष्मी, श्री सूद, विष्णु प्रिया, प्रीमियम क्रॉप, ओम हाईटेक, एसएल सीता, आनंद बायोटेक आदि प्रमुख कंपनियों के उत्पादित बीजों के नमूने लिए गए हैं। नमूनों को प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। यदि नमूने का परिणाम अमानक आया तो बीज प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि रबी सीजन में बुवाई तेजी से चल रहा। बीज, खाद एवं कीटनाशक की दुकानों पर गुणवत्ता नियंत्रण एवं कालाबाजारी रोकने के लिए औचक छापामारी जारी रहेगी। छापामार कार्रवाई की टीम में उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव, एसडीएम धनघटा वीरेंद्र कुमार, अजय दीप, तहसील मेंहदावल में भूमि संरक्षण अधिकारी दीप चंद्र चौरसिया आदि शामिल रहे।