17 से अनशन करेंगे प्राथमिक शिक्षक
16 जनवरी को रखेंगे उपवास, दर्ज कराएंगे विरोध
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। जनपद में नवनियुक्त शिक्षकों के वेतन एवं एरियर से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ तथा विशिष्ट बीटीसी एसोसिएशन ने 17 जनवरी से आमरण अनशन की चेतावनी दी है। इस सम्बन्ध में सोमवार को प्राथमिक विद्यालय गोला रगड़गंज में दोनों संगठन के पदाधिकारियों ने बैठक कर रणनीति पर चर्चा की। बैठक के बाद इस आशय का पत्र बीएसए कार्यालय को सौंपा गया।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मार्कंडेय राय ने कहा कि विभिन्न जिलों में 68500 भर्ती के नवनियुक्त शिक्षकों का वेतन ऑनलाइन सत्यापन पर लग चुका है, लेकिन यहां नियुक्ति के चार माह बीतने के बाद भी शिक्षक अपने वेतन का इंतजार कर रहे हैं।।
विशिष्ट बीटीसी एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार चौधरी ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात शिक्षक पूरी मेहनत और ईमानदारी से शिक्षण कार्य कर रहे हैं मगर समय से उनका वेतन नहीं लग पा रहा है। यही हाल बकाया भुगतान का भी है। बैठक में प्राथमिक शिक्षक संघ के मंत्री हीरालाल भारती, कोषाध्यक्ष संत कुमार चौधरी, विबिटीसी के कोषाध्यक्ष सुरेश कुमार मौर्य, मीडिया प्रभारी दिनेश कुमार शुक्ल, अमरेश चौधरी, नवीन त्रिपाठी, आलोक सिंह, अभिषेक श्रीवास्तव, रमेश यादव आदि शिक्षक मौजूद रहे।