संतकबीरनगर। इंडस्ट्रियल एस्टेट में एक तरफ फ्लोर मिल पर छापा पड़ रहा था। उसी दौरान वहां आई एसओजी टीम ने एक व्यक्ति को धर दबोचा। साथ ही उसकी निशानदेही पर वहीं पर खड़े एक गेहूं लदे ट्रक को भी अपने कब्जे में ले लिया।
फ्लोर मिल पर सर्वे छापे के दौरान अचानक सादी वर्दी में कुछ लोग एक गाड़ी से घूमते हुए आए। कुछ देर तक घूमने के बाद उन्होंने ड्राइवरों की भीड़ में से एक व्यक्ति को फिल्मी अंदाज में दबोचा तथा उसे अपनी गाड़ी में लाद लिया। इसके बाद उनकी गाड़ी वहां से 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक ट्रक के पास रुकी और उस ट्रक को भी अपने साथ ले लिया। उस ट्रक को लेकर चलते हुए वह लोग इंडस्ट्रियल एस्टेट पुलिस चौकी में पहुंचे और ट्रक को अंदर घुसा दिया। बताया जाता है कि उस गाड़ी में एसओजी टीम के लोग सवार थे। अनुमान लगाया जाता है कि वह पिछले दिनों मनियरा से ट्रक से चुराए गए 300 क्विंटल गेहूं की बरामदगी पुलिस ने की है। इस संबंध में पुलिस ने कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया।