27,249 लोगों को लगी वैक्सीन
शुक्रवार को 22,200 था टीकाकरण का लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले में 11 स्वास्थ्य केंद्रों समेत 179 गांवों में शुक्रवार को कोरोनारोधी टीकाकरण शिविर आयोजित हुआ। टीकाकरण का कुल लक्ष्य 22,200 रखा गया था। इसके सापेक्ष 27,249 लोगों को टीका लगाया गया। इसमें 15 से 18 वर्ष के किशोर-किशोरियों और फ्रंटलाइन वर्कर और 60 वर्ष के ऊपर को दी गई बूस्टर डोज भी शामिल है।
सीएमओ डॉ. इंद्रविजय विश्वकर्मा ने बताया कि कोरोनारोधी टीकाकरण के तहत शुक्रवार की सुबह नौ से शाम पांच बजे तक टीकाकरण किया गया। जिला अस्पताल, सीएचसी खलीलाबाद, पीएचसी पौली, सीएचसी नाथनगर, सीएचसी सांथा, सीएचसी सेमरियावां, सीएचसी मेंहदावल, सीएचसी हैंसर, पीएचसी बेलहर, पीएचसी बघौली समेत 179 गांव में शिविर लगाकर टीकाकरण किया गया। उन्होंने बताया कि खलीलाबाद सीएचसी पर टीकाकरण का कुल लक्ष्य 2400 रखा गया था। इसके सापेक्ष 4866 लोगों को टीका लगाया गया। पौली में 2400 के सापेक्ष 3140, नाथनगर में 2400 के सापेक्ष 1645, सांथा में 2400 के सापेक्ष 970, सेमरियावां में 2400 के सापेक्ष 3097, मेंहदावल में 2400 के सापेक्ष 3540, हैंसर बाजार में 2400 के सापेक्ष 2938, बेलहर में 2400 के सापेक्ष 810, बघौली में 2400 के सापेक्ष 5239, जिला अस्पताल के एमसीएच विंग में 300 के सापेक्ष 873 और नगरीय उप स्वास्थ्य केंद्र मगहर पर 300 के सापेक्ष 131 लोगों को वैक्सीन लगाई गई।