26 से चलेगगा मिजिल्स रूबेला अभियान
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। जिले में मिजिल्स रूबेला टीकाकरण अभियान 26 नवंबर से चलाया जाएगा। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभियान में नौ माह से 15 वर्ष तक के 655849 बच्चों को टीका लगाने का लक्ष्य है। इसके लिए कुल 248 एएनएम, 1688 आशा व 1510 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। निगरानी के लिए 73 सुपरवाइजर लगाए गए हैं।
यह जानकारी बुधवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता में सीएमओ डॉ. हरगोविंद सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि जिले की कुल जनसंख्या के 33 प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण कराया जाना है। इसमें 70 प्रतिशत का लक्ष्य स्कूल टीकाकरण का रखा गया है। यह अभियान पांच सप्ताह तक चलेगा। पहले सप्ताह में स्कूल में कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसके बाद दो सप्ताह ग्राम एवं सुदूर क्षेत्रों में अभियान चलेगा। आखिरी सप्ताह में छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण कराया जाएगा। जिले में 95 प्रतिशत से ऊपर लक्षित लाभार्थियों का टीकाकरण कराया जाना है। अभियान के प्रभारी डॉ. एस रहमान ने बताया कि अभियान की सफलता के लिए जनपद व ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण कराया गया है। साथ ही धर्मगुरुओं को भी इससे जोड़ा गया है। इस दौरान एसीएमओ डॉ. जीएम शुक्ला, डॉ. कपिल मुनि मिश्रा, डॉ. जलज खरे, बिलाल अहमद आदि मौजूद रहे।