संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को शहर के बड़गो स्थित मैरिज हाल में 244 जोड़ों का विवाह धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार सम्पन्न कराया गया। इसमें 240 हिंदू और चार मुस्लिम दाम्पत्य सूत्र में बंधे। नवयुगलों को लैंगिंक समानता की शपथ दिलाई गई।
प्रभारी मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम, विधायक मेंहदावल अनिल त्रिपाठी, विधायक धनघटा गणेश चौहान. डीएम महेंद्र सिंह तंवर, एडीएम जय प्रकाश, सीडीओ जयकेश त्रिपाठी व अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह आदि ने नव दंपतियों को आशीर्वाद देते हुए सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। प्रभारी मंत्री कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बिना किसी जाति धर्म के भेदभाव किए हर गरीब के बेटियों की शादी सम्पन्न कराई जा रही है।
विधायक मेंहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी कहा कि सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जरुरतमंदों का जीवन स्तर बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का मुख्य उद्देश्य ऐसे गरीब परिवारों के लड़के-लड़कियों की शादी करानी है जो उसका खर्च स्वयं नहीं उठा सकते।
विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान कहा कि मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के बेटियों की शादियां पूरे सम्मान एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ कराई जा रही हैं।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम में कुल 244 जोड़ो का विवाह संपन्न कराया गया। इसमें 240 जोड़ों का हिंदू धर्म परम्परा एवं धार्मिक रीति रिवाज के साथ गायत्री परिवार आचार्य के द्वारा सम्पन्न कराया गया तथा चार जोड़े का मुस्लिम धर्म की परम्परा के अनुसार निकाह कराया गया। उपहार स्वरूप लड़की के खातें में 35 हजार धनराशि सहित पायल, बिछिया, बर्तन सेट, वर-वधू को कपड़ा, अटैची, गैस चूल्हा के अलावा वन विभाग द्वारा एक-एक आम का पौधा भी दिया गया।
इस दौरान डीसी मनरेगा प्रभात द्विवेदी, पीडी संजय कुमार नायक, जिला समाज कल्याण अधिकारी महेन्द्र कुमार, सीओ सदर अजीत चौहान, उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रवीण कुमार मिश्र, जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र आदि मौजूद रहे।