उप स्वास्थ्य केंद्रों पर आरोग्य मेला का आयोजन
988 मरीजों की जांच की गई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। रविवार को उप स्वास्थ्य केंद्र पर आरोग्य मेला व सीएचसी पर आयुष्मान भव के तहत शिविर लगा। इस दौरान सर्दी, खांसी, बुखार आदि के मरीज शामिल रहे। मेले में कुल 988 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसमे 22 मरीज बुखार से पीड़ित पाए गए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोसयाबाजार में मरीज पहुंचे और इलाज कराया। यहां पर कुछ दवाएं थीं जो मरीजों को दी गई। मरीज रामकली, दीनबंधु ने बताया कि तीन तरह की दवा मिली है। मरीज कांती, विमला ने बताया कि कई दिनों से बुखार और खांसी आ रही है।
इसी तरह से मगहर के नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों की जांच कर दवा दी गई। यहां पर ज्यादातर मरीज वायरल फीवर, सर्दी, खांसी और गले के इंफेक्शन के थे। यहां पर भी मरीजों को दवा मिली पर पर्याप्त नहीं थी। प्रभारी चिकित्साधिकारी डाॅक्टर एसडी सिंह ने बताया कि 59 मरीजों की जांच की गई। शिविर में शुगर, ब्लड प्रेशर के मरीज भी आए। मरीजों को दवाइयां दी गई हैं, पांच दिन बाद फिर बुलाया गया है। जिले में कुल 22 स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे मेले में 988 मरीजों की जांच की गई।