सांथा। ग्राम पंचायत करनजोत के राशनकार्ड धारकों ने मंगलवार को कोटेदार पर राशन वितरण में मनमानी का आरोप लगाते हुए उसके दरवाजे पर ही पहुंचकर प्रदर्शन किया। नाराज ग्रामीणों ने वितरण व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर तहसील पहुंचकर आंदोलन की चेतावनी दी। इस प्रदर्शन के चलते कुछ देर तक गांव का माहौल गरमा गया था।
ग्रामीण कैरुन्निशां, मोमिना, अख्तर हुसैन, रहमतुल्लाह, फिरोज, मो.हसन, अली हुसैन, गोपाल, रुखसाना, बदरुन्निशां, जावेद, जोगी, घमालू, किशोर, निजाबुद्दीन, शबनम, सफीकुन्निशां, ताहेरा, खातून, अलीमुन्निशा, तरीकुन्निशा, हाजरा आदि ग्रामीण कोटेदार के दरवाजे पर पहुंचे और उस पर मनमानी का आरोप लगाने लगे। ग्रामीणों का आरोप था कि कोटे की दुकान आवंटी के भाई द्वारा संचालित किया जा रहा है। ग्रामीणों को राशन के लिए बार-बार परेशान किया जा रहा है। बुजुर्ग महिलाओं को भी कई दिन तक लगातार चक्कर लगाने के बाद भी राशन नहीं मिल पा रहा है। राशनकार्ड धारकों का आरोप था कि कोटा चलाने वाला व्यक्ति पीओएस मशीन में फिंगरप्रिंट नहीं होने का हवाला देकर राशन देने से मना कर रहा है। करीब एक घंटा तक चला यह प्रदर्शन बाद में कुछ लोगों के मान मनौव्वल पर इस चेतावनी के साथ खत्म हुआ कि अगर वितरण व्यवस्था में सुधार नहीं आया तो वे लोग तहसील पहुंचकर पूर्ति कार्यालय का घेराव करेंगे।