मगहर। नगर पंचायत मगहर के मोहनलालपुर मोहल्ले में शनिवार की रात मकान के गेट का ताला तोड़ कर एक लाख नकदी समेत लाखों रुपये के जेवरात चोरी हो गए। पीड़ित की सूचना पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोहनलालपुर निवासी पटेश्वरी लाल श्रीवास्तव उर्फ सुग्गन लाल के मकान का गेट तोड़कर चोरी होने की सूचना पर रविवार को आसपास के लोग जुट गए थे। सुगन लाल ने बताया कि वह शनिवार को दोपहर में अपनी पुत्री को लेने के लिए लखनऊ चले गए थे। जब वह रविवार की सुबह घर पहुंचे तो उन्हें मिश्रीलाल और मदनलाल ने मकान के गेट टूटने और चोरी होने की बात बताई। जब वह घर में अपने सामान ढूंढने लगे तो पता चला कि अलमारी में रखे लाखों रुपये के जेवर, एक लाख रुपये और कपड़े गायब हैं। चोरों ने मकान के निकट तालाब में उनकी साइकिल फेंकी थी। मकान में दुर्गा जी के मंदिर का हार्न माइक तोड़ दिया था। हैंडपाइप को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। सुगन लाल ने तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।