संतकबीरनगर। वर्ष 2011 की जनगणना में गांव के किसी भी व्यक्ति का नाम न होने से गुस्साए खलीलाबाद ब्लॉक के डडवां गांव के लोगों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। गांव वालों ने डीएम को ज्ञापन देकर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई और योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की है।
गांव के दिनेश कुमार चतुर्वेदी, शांती देवी, शीला, आदि कहना था कि वे डडवा गांव के स्थाई निवासी हैं। 2011 में आर्थिक सामाजिक जनगणना रजिस्टर में गांव के किसी भी सदस्य का नाम नहीं है। आर्थिक सामाजिक जनगणना रजिस्टर में नाम नहीं होने से वे प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित हो जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य के लिए गांव के परिवार रजिस्टर की नकल मांगी जाती है, पर नाम न होने से योजनाओं से वंचित हो जा रहे है। गांव वालों ने डीएम से जनगणना रजिस्टर में नाम अंकित करते हुए योजनाओं का लाभ दिलाए जाने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में लीलावती, प्रमिता, शांती देवी, संध्या, रामवर्षा, अनीता, सरोजा, ज्ञानमती, अमरावती, किसमती, पार्वती, शशिकला, गीता, अनारकली, सोहनी, ज्ञानमती, सुभागी, दुलारी, प्रहलाद आदि शामिल रहे।