बजट को सत्ता पक्ष ने सराहा तो विपक्ष ने छलावा बताया
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। मोदी सरकार के अंतरिम बजट पर सत्ता पक्ष जहां उत्साहित होकर मिठाई बांट रहा है, वहीं विपक्ष ने छलावा बताया है। किसानों के लिए राहत पैकेज की घोषणा को भाजपा नेता मास्टर स्ट्रोक बता रहे हैं तो विपक्षी दल इसे वोटरों को लुभाने की झूठी चाल बता रहे हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष सेतवान राय ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार का अंतरिम बजट हर वर्ग के लिए उम्मीदों से भरा है। इसमें किसानों, नौजवानों, बेरोजगारों, व्यापारियों और मध्यम वर्ग सहित सभी के लिए कुछ ने कुछ दिया गया है। किसानों के लिए सरकार ने छह हजार रुपये देने का प्रावधान किया है तो मध्यम वर्गीय लोगों के लिए इनकम टैक्स स्लैब और बचत सीमा में वृद्घि कर बड़ी राहत दी है। बसपा जिलाध्यक्ष सुरेश चंद्र राव ने कहा कि केंद्र सरकार ने चुनावी बजट पेश किया है। किसानों को झुनझुना थमाया गया है तो गरीबों, अल्पसंख्यकों के लिए बजट में कुछ भी नहीं है।
सपा जिलाध्यक्ष गौहर अली ने कहा कि अंतरिम बजट सिर्फ छलावा है। सरकार ने सभी वर्गों के लोगों को छलने का काम किया है। छह हजार रुपये से किसानों को कुछ भी नहीं होने वाला है। जो भी घोषणाएं की गई हैं वह केवल चुनाव को ध्यान में रखकर की गई हैं। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष परवेज अहमद ने कहा कि बजट में जो प्रावधान किया गया है, उसके हिसाब से किसानों को प्रतिदिन मात्र 17 रुपये ही मिलेंगे। इस पर भी सरकार अपनी पीठ थपथपा रही है। कांग्रेस के बढ़ते जनाधार से घबराई केंद्र सरकार ने बजट में केवल राहत की घोषण की है।
इनसेट
भाजपा कार्यकर्ताओं ने बांटी मिठाई
संतकबीरनगर। केंद्र सरकार का अंतरिम बजट आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय पर जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। सभी ने एक स्वर से बजट की सराहना की और कहा कि आजादी के बाद अब तक इतना कल्याणकारी बजट नही आया था। खलीलाबाद विधानसभा के संयोजक एवं पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष ने इसे बहुप्रतीक्षित आम जनता का बजट बताया। आयकर स्लैब में पांच लाख की आय और डेढ़ लाख तक बचत यानी साढे़ छह लाख तक कि आय कर मुक्त कर मध्यम वर्ग को बड़ी राहत दी है। किसानों के बारे में पहली बार ऐसी सोच सामने आई की देश के किसानों के खुशहाली का रास्ता खुला। भाजपा के वेद प्रकाश सिंह, अम्बरीष राय, दयाराम, आनंद त्रिपाठी, धनंजय पांडेय, हरिकेश चौरसिया, श्रीमन नारायण , रविंद्र तिवारी, राकेश मौर्या आदि ने बजट की सराहना की है।