लंबित परियोजनाएं जल्द होंगी पूरी : आशुतोष
प्रभार मंत्री बोले, लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
अमर उजाला ब्यूरो
हैंसर। प्रदेश सरकार में मंत्री एवं जिले के प्रभारी आशुतोष टंडन ने बुधवार को कहा है कि प्रदेश में लंबित पड़ी परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराया जाएगा। निर्माण कार्य में शिथिलता बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
वह सिरसी में निर्माणाधीन पालिटेक्निक भवन का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को 30 सितंबर तक भवन निर्माण कार्य पूरा कराने और एक माह के अंदर यहां पर कक्षाएं संचालित कराने का निर्देश दिया। वर्ष 2006 से सिरसी में पालिटेक्निक भवन के निर्माण का कार्य चल रहा है, लेकिन अभी तक पूरा नहीं हुआ। निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने निर्माण कार्य की गति धीमी होने पर नाराजगी जताई। कहा कि यहां के भवन निर्माण का कार्य अधूरा होने के कारण बच्चे बस्ती में शिक्षा ग्रहण करते हैं, यह ठीक नहीं है। आगाह किया कि 30 सितंबर तक हर हाल में अधूरे पड़े कार्यों को पूरा कराएं, ताकि कक्षाएं संचालित हो सकें। सिरसी गांव के प्रधान के प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता महेंद्र नाथ राय ने भवन निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाया तो मंत्री ने उसकी जांच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जितनी भी परियोजनाएं पूर्व सरकारों की उदासीनता के चलते अधूरी पड़ी हैं, उन सभी को शीघ्र पूरा कराया जाएगा। इस मौके पर विधायक श्रीराम चौहान, डीएम भूपेंद्र एस.चौधरी, पूर्व सांसद अष्टभुजा शुक्ल, पूर्व प्रमुख विपिन मिश्र, रामललित चौधरी, गणेश पांडेय, अनिरुद्ध शुक्ल, रणविजय सिंह, राममिलन शुक्ल, संजय सिंह राठौर, संतोष चौहान, नाथनगर ब्लॉक प्रमुख दिगपाल, पंकज पांडेय आदि मौजूद रहे।