अग्नि पथ के विरोध में जाम लगाने वाले दो आरोपी भेजे गए जेल
अब तक चार आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल
सीसीटीवी और वीडियो फुटेज के सहारे अज्ञात आरोपियों की पहचान करने में जुटी है पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। अग्निपथ के विरोध में राष्ट्रीय राजमार्ग को नेदुला के पास जाम कर प्रदर्शन करने के मामले में दर्ज मुकदमे के दो आरोपियों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया। पकड़े गए दोनों आरोपी जेल भेज दिए गए।
कलेक्ट्रेट चौकी इंचार्ज वीरेंद्र यादव ने बताया कि 20 जून को राष्ट्रीय राजमार्ग को नेदुला के पास कुछ लोगों ने अग्निपथ के विरोध में जाम कर दिया था। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। इस मामले में चौकी इंचार्ज नवीन मंडी रजनीश राय की तहरीर पर तीन नामजद समेत 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। उसी मामले के आरोपी सत्यम कुमार निवासी भीटीमाफी थाना महुली और मनोज कुमार निवासी बनपुरवा खलीलाबाद को बिधियानी तिराहे से रविवार को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों को जेल भेज दिया गया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि इसी मामले के आरोपी ओमकार यादव उर्फ गोलू यादव निवासी मुठई खुर्द थाना धनघटा को शुक्रवार को मेंहदावल बाईपास से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जबकि आरोपी अजय गौड़ निवासी ऊनखास ओनिया कोतवाली को मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। अब तक इस मामले में चार आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। कोतवाल विजय नारायन प्रसाद ने बताया कि शेष आरोपियों की तलाश जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य की पहचान की जा रही है। वर्तमान में जिले में धारा 144 प्रभावी है। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। ब्यूरो