गोरखपुर- संतकबीरनगर की सीमा पर स्थित करमैनी घाट बैरियर पर रविवार को चेकिंग के दौरान स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने एक पिकअप सवार कपड़ा व्यवसायी के पास से 2.39 लाख कैश बरामद किया। जांच व्यवसायी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाए और न ही सही से जवाब दे पाए। इस कारण कैश जब्त कर मेंहदावल पुलिस को सौंप दिया।
स्टेटिक मजिस्ट्रेट राजमणि प्रजापति रविवार को टीम में शामिल दरोगा वीरेंद्र सिंह यादव व कांस्टेबल गोकरन नाथ पांडेय और महबूब खां के साथ करमैनी बैरियर पर चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान खलीलाबाद की तरफ जा रही एक पिकअप को रोक कर चेकिंग की। पूछताछ में पिकअप में सवार यात्री ने अपना नाम और पता नौतनवां जिला महराजगंज निवासी जसवीर सिंह पुत्र दिलीप सिंह बताया।
उसने खुद को कपड़ा व्यवसायी होने की जानकारी टीम को दी। टीम ने व्यवसायी के पास मौजूद बैग की तलाशी ली तो उसमें दो लाख 39 हजार रुपये बरामद हुए। स्टेटिक मजिस्ट्रेट राजमणि प्रजापति ने बताया कि बरामद कैश में 2000 रुपये के 52 नोट, 500 रुपये के 150 नोट और 100 रुपये के 600 नोट शामिल हैं।
पूछताछ में खुद को कपड़ा व्यवसायी ने पहले खलीलाबाद की बरदहिया बाजार और फिर लखनऊ जाने की जानकारी दी। बरामद कैश से संबंधित कोई कागज प्रस्तुत नहीं कर पाने और न ही सही से जवाब दे पाने पर बरामद कैश जब्त करते हुए एसओ सबाहुद्दीन को सुपुर्द कर दिया गया। मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को भी दे दी है।