बाघनगर बैरियर पर चेकिंग में बरामद रकम की जांच करते पुलिस कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। स्टेटिक मजिस्ट्रेट और दुधारा पुलिस की संयुक्त टीम ने कठिनईया नदी पुल पर बने बैरियर पर चेकिंग के दौरान शनिवार को एक पिकअप को रोक कर जांच पड़ताल की। पिकअप के टूल बाक्स में रखा 1 ,48,370 रुपये बरामद हुआ। पूछताछ में चालक ने खुद को मुर्गा सप्लायर बताया और बरामद कैश के बारे में सही से जानकारी नहीं दे पाया। इसकी वजह से टीम ने बरामद कैश को जब्त कर दिया।
दुधारा एसओ रवींद्र कुमार सिंह ने बताया कि स्टेटिक मजिस्ट्रेट श्रीप्रकाश तिवारी के साथ बस्ती जनपद की सीमा पर बाघनगर के पास कठिनईया नदी के किनारे बने बैरियर पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। उसी दौरान बस्ती की तरफ जा रही एक पिकअप को रोक कर चेकिंग की गई। पिकअप के टूल बाक्स में रखा 1,48,370 रुपये बरामद हुआ। बरामद कैश में 2000 रुपये के 35 नोट, 500 रुपये के 16 नोट, 100 रुपये 593 नोट, 50 रुपये के 73 नोट,20 रुपये 171 नोट और 10 रुपये के 400 नोट शामिल रहे। आगे बताया कि पूछताछ में चालक की पहचान मोहम्मद नसीम पुत्र मोहम्मद नईम निवासी पूरबगांव थाना अंतू जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई। पूछताछ में चालक ने खुद को मुर्गा सप्लायर बताया।
उसने बताया कि महराजगंज मुर्गा की सप्लाई देने गया था और वहां से लौट कर प्रतापगढ़ जा रहा था। टूल बाक्स में छुपा कर रखे बरामद कैश के बारे में न तो कोई कागजात प्रस्तुत कर पाया और न ही सही से जवाब दे पाया। इसकी वजह से बरामद कैश को जब्त कर दिया गया। जांच पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।