‘पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं कार्यकर्ता’
समाज सेवा पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। समाज सेवा पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन मंगलवार को सेमरियावां ब्लॉक क्षेत्र के उमिला में आयोजित हुआ। इसमें पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
पार्टी नेता सुभाष चंद्र नागवंशी की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष इदरीस अली मंसूरी ने कहा कि समाज सेवा पार्टी का गठन गरीबों, बेसहारा, मजलूमों को उनका हक दिलाने के लिए किया गया है। लोकसभा चुनाव में पार्टी पूरी दमदारी से मैदान में उतरेगी। इस दौरान खलीलाबाद से जय प्रकाश सिंह को पार्टी प्रत्याशी घोषित किया गया है। राष्ट्रीय महासचिव इल्तिजा हुसेन ने कहा कि जब अच्छे लोग लोकसभा व विधानसभा में चुनकर जाएंगे तो अच्छी सरकार मिलेगी और लोगों का विकास होगा। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अलाउद्दीन फौजी ने कहा कि समाज की उन्नति के लिए बच्चों को शिक्षित करना जरूरी है। इस दौरान राम हरख चौरसिया, गोरख प्रसाद चौरसिया, जय प्रकाश सिंह, अभिषेक कुमार गौतम, मो. जावेद, दीनानाथ पांडेय, शिवशंकर, अंगद कुमार, अवधेश कुमार, हनुमान चौरसिया, चंदन, श्याम लाल आदि मौजूद रहे।