अखिलेश को मैंने नहीं सिखाया कि पिता को बंदी बना लो : अमर सिंह
- मगहर में राष्ट्रीय युवा हिंदू वाहिनी के हिंदुत्व सम्मेलन में शामिल हुए राज्यसभा सांसद
अमर उजाला ब्यूरो
मगहर (संतकबीरनगर)। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कहते हैं कि उन्हें राजनीति चाचा अमर सिंह ने सिखाई। मैं इस बात को नकारूंगा नहीं, लेकिन इतना जरूर कहूंगा कि अखिलेश को मैंने नहीं सिखाया कि पिता को बंदी बनाओ। ये बातें राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने रविवार को मगहर के कबीर चौरा परिसर में कही। वह यहां राष्ट्रीय युवा हिंदू वाहिनी के हिंदुत्व सम्मेलन में शिरकत करने आए थे। सिंह ने आजम खां पर भी निशाना साधा। कहा कि वे असुरों की भाषा बोलते हैं।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए अमर सिंह ने कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द ही सूफी परंपरा है। कबीर के दोहे ‘पोथी पढ़ी-पढ़ी जग मुआ, पंडित भया न कोय’ का मर्म को समझाते हुए कहा कि प्रेम और भाईचारा मानवता है। कबीर ने लोगों को यही सिखाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उनके भाई व मां आज भी सामान्य जिंदगी बसर करते हैं। ऐसे में विरोधियों द्वारा भ्रष्टाचार का आरोप लगाना गलत है। अमर सिंह ने कहा कि वह भाजपा के सदस्य नहीं, बल्कि 120 करोड़ में से देश के एक नागरिक मात्र हैं। लेकिन उन्हें गर्व है कि वह हिंदू हैं। साथ ही कहा कि इसका मतलब यह नहीं कि वह मुसलमानों के खिलाफ है। जिस तरह मुसलमानों के लिए मक्का मदीना है उसी तरह हिंदुओं के लिए अयोध्या है। यहां भगवान राम ने जन्म लिया। यह स्थान हमारे लिए पूज्य है। हमें पूजा का अधिकार है।
राष्ट्रीय युवा हिंदू वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोस्वामी अनुराग भृगुवंशी ने कहा कि उनका संगठन दबे कुचले लोगों की मदद करता है। प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर नीलकमल मिश्रा ने लोगों का आभार जताया। इससे पूर्व अमर सिंह ने कबीर की समाधि और मजार पर मत्था टेका। इस मौके पर पूर्व चेयरमैन अश्वनी गुप्त, जनार्दन मिश्र, विश्वबंधु मिश्र, संत गोस्वामी, संदीप वर्मा, विद्याधर यादव, अजय सिंह, मुकेश ओझा, सुनील शर्मा, आनंद सिंह, स्वामी अमृतानन्द, जस्सी शुक्ला, हिमांशु, धर्मेंद्र शुक्ल, बजरंग सिंह, अभिषेक श्रीवास्तव, विश्वमित्र पांडेय, विजय प्रकाश कान्दू,सतनाम सिंह,अतुल मिश्रा,सर्वेश तिवारी,गोपाल शुक्ल,अनिल सिंह,बादल गोस्वामी,चंदेल सिंह, योगेंद्र भारती आदि मौजूद रहे।